दिल्ली में बड़े सेक्स रैकेट का हुआ पर्दाफाश, 39 लड़कियों को कराया गया रिहा

नई दिल्ली। बिहार के  मुजफ्फरपुर में लड़कियों के साथ दुष्कर्म के मामले के बाद अब  राजधानी दिल्ली में सेक्स रैकेट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से 39 लड़कियों को छुड़ाया गया। जानकारी के अनुसार, ये सभी लड़कियां एक सेक्स रैकेट के तहत यहां के एक होटल में रखी गई थीं और इन्हें देश से बाहर भेजने का इरादा था। 

इससे पहले 25 जुलाई को दिल्ली के ​ही मुनिरका से 16 लड़कियों को मुक्त कराया गया था। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने बताया कि मंगलवार को ही वसंत विहार पुलिस थाना क्षेत्र से 18 अन्य लड़कियों को छुड़ाया गया था।  उन्होंने कहा कि दिल्ली में मानव तस्करी तेजी से बढ़ रही है। पहाड़ गंज इलाके से छुड़ाई गई सभी लड़कियां नेपाल की हैं और इन्हें नौकरी का झांसा देकर दिल्ली लाया गया था। इसके बाद इन्हें सेक्स रैकेट में धकेल दिया गया। 

जानकारी के अनुसार, इन सभी लड़कियों को मध्य एशिया के कई देशों में भेजा जाने वाला था। इन लड़कियों की हालत ठीक  नहीं है और पहले वे बात करने को तैयार नहीं हुई,  लेकिन जब उनकी काउंसलिंग कराई गई, तो उन्होंने बात करने के लिए हामी भर दी। पुलिस और दिल्ली महिला आयोग लड़कियों से बात कर उनके परिवार के बारे में पता कर रहा है। जानकारी के अनुसार, फिलहाल ये सभी लड़कियां दिल्ली महिला आयोग के शेल्टर होम में रह  रही हैं।

महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने बताया कि  सभी छुड़ाई गई लड़कियां नेपाल के भूकंप प्रभावित इलाकों से हैं और बेहद गरीब परिवारों से हैं। दिल्ली महिला आयोग इन्हें वापस नेपाल भेजने के लिए नेपाली दूतावास से संपर्क कर रहा है। जैसे ही कुछ इंतजाम  होगा, इन्हें वापस वहां भेज दिया जाएगा। 

Back to top button