हरियाणा के हिस्‍से का पानी जा रहा राजस्थान: कांग्रेस

चंडीगढ़। हरियाणा में पानी पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही। दिल्ली के साथ चल रही पानी की लड़ाई के बीच कांग्रेस ने सियासी फायदे के लिए भाखड़ा बांध से हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान को देने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर ने प्रदेश सरकार को इस बारे में सार्वजनिक मंच से अपनी स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती दी।हरियाणा के हिस्‍से का पानी जा रहा राजस्थान: कांग्रेस

तंवर ने कहा कि फरवरी से भाखड़ा से हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान को भेजा जा रहा है क्योंकि वहां विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश सरकार ने राजस्थान सरकार के साथ मिलकर हरियाणा के हितों का सौदा कर दिया। कांग्रेस व्यापक स्तर पर अभियान चला हरियाणा के लोगों को प्रदेश सरकार की कथनी और करनी में अंतर बताएगी।

मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर पार्टी ने हरियाणा में ‘घर-घर कांग्रेस’ अभियान शुरू किया। यह अभियान पूरे साल चलेगा। इसके जरिये पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को सरकार की नाकामियां बताएंगे।

तंवर ने भाजपा सरकार पर हरियाणा को चार बार आग के हवाले करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में सूरजकुंड में हरियाणा को फिर से जलाने की रणनीति तैयार की गई है। तीसरे चरण की साइकिल यात्रा की रणनीति साझा करते हुए तंवर ने कहा कि 19 जुलाई को रोहतक जिले के गढ़ी-सांपला किलोई हलके से यात्रा शुरू होगी। 22 जुलाई तक चलने वाली साइकिल यात्रा के दौरान वह हुड्डा के पैतृक गांव सांघी में भी जाएंगे। उनकी यह यात्रा कलानौर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पैतृक गांव में संपन्न होगी।

Back to top button