बारिश ने कई जगहों पर मचाई तबाही, उत्तर प्रदेश-बिहार समेत उत्तर भारत के राज्यों में

देशभर में अभी मानसून का आखिरी दौर शुरू नहीं हुआ है, कई जगहों पर बारिश और बाढ़ ने तबाही मचाई हुई है। कर्नाटक और केरल में तो बुरा हाल है। यहां तक कि बेंगलुरु में तो कई दिनों से पूरे शहर में पानी भरा हुआ है। इसी कड़ी में आइए जानते हैं दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में बारिश का क्या हाल है और उत्तर प्रदेश-बिहार समेत उत्तर भारत के राज्यों में कब और कितनी बारिश का अनुमान है।

केरल और कर्नाटक में सबसे बुरा हाल
दरअसल, केरल और कर्नाटक में तो यह स्थित है कि लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। बाढ़ के चलते बेंगलुरु में इतना पानी भर गया है कि जनजीवन ठप हो गया है, वहां पिछले एक सप्ताह से भारी बारिश हो रही है। बेंगलुरु में अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। उधर केरल में भी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राजधानी तिरुवनंतपुरम के पास मनकायम जलप्रपात में अचानक आई बाढ़ में बह जाने से दो लोगों की मौत हो गई।

कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश की स्थिति
भारतीय मौसम विभाग ने अन्य दक्षिणी राज्यों के लिए भी चेतावनी जारी कर दी है। आने वाले दो से तीन दिनों में मानसूनी बारिश कहर बरपाएगी। कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में आठ व नौ सितंबर को भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा केरल, लक्ष्यद्वीप, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में छह से नौ सितंबर तक भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तेलंगाना में तो मानसून के अंतिम चरण तक बारिश है।

राजधानी दिल्ली में बारिश के आसार नहीं
इधर राजधानी दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है जबकि कई जगहों पर बारिश का पूर्वानुमान भी है। लखनऊ में हल्के बादल छाए रहेंगे। गाजियाबाद में आसमान साफ रहेगा। मध्य प्रदेश के कई जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना है। दमोह, देवास, गुना, अशोकनगर जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की भी चिंता जताई है एवं इन स्थानों पर येलो अलर्ट जारी किया है।

बिहार-झारखंड की भविष्यवाणी
बिहार में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो बिहार की राजधानी पटना समेत कुल 33 जिलों में एक बार फिर से मंगलवार को मौसम करवट लेगा। प्रदेश के 33 जिलों में मौसम विभाग ने वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। लेकिन झारखंड के साथ बिहार के भी कुछ हिस्‍सों में मंगलवार को बारिश होने के आसार हैं। बिहार के कुछ इलाकों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

राजस्‍थान में कमजोर पड़ा मानसून
राजस्‍थान की बात करें तो अगले चार से पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के कमजोर हो जाने के कारण अभी बारिश से राहत है। हालांकि सप्ताहांत में फिर से मानसून सक्रिय हो सकता है। पश्चिमी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों को छोड़कर अधिकांश भागों में अगले चार-पांच दिनों के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। राजस्थान के कुछ भागों में 9-10 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बरसात के आसार
उधर छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत कई राज्यों के कुछ इलाकों में आज भारी बारिश होने की संभावना मौसम विभाग की ओर से व्‍यक्‍त की गयी है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी बरसात के आसार हैं। महाराष्ट्र, मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों, आंतरिक तमिलनाडु, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

पश्चिमी हिमालय, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश संभव है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में 7 सितंबर को एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने दक्षिण ओडिशा के 8 जिलों में येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है।

Back to top button