सगी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने वाले दरिंदे पिता को पुलिस ने गिरफ्तार

जिले के लसाड़िया थाना क्षेत्र में सगी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने वाले दरिंदे पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के खुलासे के बाद फरार आरोपी घासा के जंगलों में छिपा बैठा था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में गांव की एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला विचाराधीन है और उस मामले में वह आठ माह तक न्यायिक हिरासत में रहने के बाद जमानत पर रिहा चल रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार लसाड़िया थाना पुलिस को बेटी के साथ दुष्कर्म के आरोपी के पिता के घासा के जंगलों में छिपे होने की जानकारी मिली। रविवार रात भर चला तलाशी अभियान के दौरान वह सोमवार सुबह पुलिस की गिरफ्त में आ गया। आरोपी के खिलाफ शनिवार देर शाम लसाड़िया थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था और उसकी तलाश में पुलिस की दो टीमें जुटी हुई थी। लसाड़िया थाना अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उसकी पत्नी तथा बेटी ने मामला दर्ज कराया। जिसमें बताया कि वह अपनी सगी बेटी के साथ पिछले एक साल से दुष्कर्म कर रहा था। आरोपी नशे का आदि है और तीन दिन पहले किए दुष्कर्म के बाद जब बेटी के पेट में जानलेवा दर्द उठा तो उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई थी। जिसके बाद इस मामले का खुलासा हो पाया। मामला दर्ज कराए जाने से पहले आरोपी ने बेटी तथा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया था।

थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गांव की एक अन्य महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। जिसमें उसे गिरफ्तार किया गया था और वह आठ महीने तक न्यायिक हिरासत में रहा। जिसके बाद उसे जमानत मिल गई थी। आरोपी पर उसके गांव की एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाकर मामला दर्ज करवाया था। इस पर उसकी गिरफ्तारी के बाद वो 8 महीने तक जेल में भी रहा। इसके बाद आरोपी जमानत पर बाहर है।

Back to top button