बिहार में कर्नाटक की जीत पर CM नीतीश ने BJP को दी बधाई, तो तेजस्वी ने कसा तंज

पटना। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे में भाजपा की जीत की खबर मिलते ही बिहार भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल है। एक ओर भाजपा नेताओं ने इस जीत पर खुशी जाहिर की है और कहा है कि अब देश कांग्रेस मुक्त भारत की ओर बढ़ रहा है और जीत इसका साक्ष्य है। कर्नाटक में बड़ी पार्टी बनने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा को बधाई दी है। बिहार में कर्नाटक की जीत पर CM नीतीश ने BJP को दी बधाई, तो तेजस्वी ने कसा तंज

तो वहीं, कर्नाटक चुनाव परिणाम पर तेजस्वी ने तंज कसते हुए ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा कि क्या बिहार में बीजेपी को बहुमत मिला था? क्या बिहारियों ने भाजपा को बुरी तरह नहीं हराया था ? नीतीश जी की मदद से बिहार में बहुमत का चीरहरण और लोकतंत्र का जनाजा निकाल चोर दरवाज़े से सरकार में बैठ मलाई चाट रहे भाजपाई कर्नाटक के मामले में उच्चकोटि का प्रवचन किसे बांट रहे है?

वहीं, कांग्रेस ने भी कर्नाटक जीत पर तीखी प्रतिक्रया देते हुए कहा है कि इस जीत पर बीजेपी को खुश होने की जरुरत नहीं है, 2019की लोकसभा के चुनाव में उनकी हार तय है। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा है कि इसका पता लोकसभा चुनाव में चलेगा।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार चुनने के लिए मैं वहां की जनता को धन्यवाद देता हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ये पीएम नरेंद्र मोदी का ही मैजिक है कि कर्नाटक में किला फतह हो पाया है।।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में जीत का मतलब यही है कि अब देश में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता चलना चाहती है। पीएम भाजपा अध्य्क्ष अमित शाह की लोकप्रियता बढ़ी है।

कर्नाटक में मिली जीत पर भाजपा नेता  नंद किशोर यादव ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कर्नाटक जीत पर हमारी पार्टी के नेता उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बड़बोलेपन की अब हवा निकल गई है। देश अब कांग्रेस मुक्त भारत की ओर बढ़ रहा है।

जीत पर मंगल पांडेय ने कहा कि कर्नाटक की जनता अब भ्रष्टाचार मुक्त सरकार चाहती है। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि कांग्रेस राहुल की जगह किसी और को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए और साथ ही कांग्रेस को अपना नाम आइएनसी से बदलकर पीपीपी यानि -पंजाब पांडिचेरी परिवार करना चाहिए।

रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि अब देश की जनता सिर्फ भाजपा के साथ है, यह कर्नाटक की जीत ने साबित कर दिया है। कर्नाटक में जीत पर कटिहार नगर विधायक तारकेश्वर प्रसाद ने कर्नाटक की जनता को बधाई दी।

वहीं, राजद ने कांग्रेस को आत्ममंथन करने की सलाह दी है। राजद प्रवक्ता भाई वीरेंद्र ने बीजेपी की जीत पर कहा कि लोकतंत्र में जनता मालिक होती है। इस जीत पर जनता को बधाई, साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी रणनीतियों पर आत्ममंथन करने की जरुरत है।

उधर, बीजेपी के विधायक नितिन नवीन ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ये जीत पीएम मोदी के विकास योजनाओं की जीत है। पीएम मोदी देश में विकास का पर्याय बन चुके हैं। राहुल गांधी को अमेठी पर ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि अब राहुल गांधी को अमेठी पर ध्यान देना चाहिये, न आने वाले चुनावों में वो भी उनके हाथों से चला जाएगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कर्नाटक में मिली जीत को पूरे देश के लिए एक निर्णायक विजय बताया है। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्वाभास हो चुका था कि कर्नाटक में बीजेपी को बढ़त मिलने वाली है, हालांकि विरोधी लगातार उनके भविष्यवाणी को नकार रहे थे। लेकिन, जनादेश ने उनके पूर्वानुमान को सही ठहराया है। जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल देखा जा रहा है। पटना के भट्टाचार्य रोड में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कारगिल चौक पर लोकजनशक्ति पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। 

Back to top button