कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 से बाहर हुए नीरज चोपड़ा, जाने कारण…

भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा इसी सप्ताह बर्मिंघम में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उन्होंने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। इसके पीछे का कारण चोट है।

नीरज चोपड़ा चोट के कारण बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर हो गए हैं। हाल ही में समाप्त हुई 2022 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 88.13 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीतकर देश के लिए इतिहास रचा था। वे इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय और रजत पदक अपने नाम करने वाले पहले खिलाड़ी थे। इसी इवेंट के दौरान उनकी दाहिनी जांघ में हल्का खिंचाव आया था।

ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने के बाद इस बात की पुष्टि की थी कि उनको थ्रो करते समय पैर में दर्द हुआ था। हालांकि, उन्होंने चौथे थ्रो में अपना पदक पक्का किया था और अगले दो थ्रो फेंकते समय उनको काफी दर्द हुआ था, जिसके कारण थ्रो फाउल रहे थे। नीरज चोपड़ा को ग्रोइन इंजरी है, जिसे ठीक होने में वक्त लगेगा।

Back to top button