बुल्ली बाई एप मामले में मुंबई की बांद्रा कोर्ट ने आरोपित विशाल झा, श्वेता सिंह व मयंक रावत की जमानत याचिका की खारिज

‘बुल्ली बाई’ एप मामले में मुंबई की बांद्रा कोर्ट ने वीरवार को आरोपित विशाल कुमार झा, श्वेता सिंह और मयंक रावत की जमानत याचिका खारिज कर दी है। तीनों आरोपित फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।इससे पहले मुंबई की एक अदालत ने बुल्ली बाई एप मामले में गिरफ्तार श्वेता सिंह और मयंक रावत को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अदालत में श्वेता सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान उसे थप्पड़ मारे गए। बुल्ली बाई एप से संबंध रखने के कारण इन दोनों आरोपितों को मुंबई पुलिस ने इस माह के शुरू में उत्तराखंड से गिरफ्तार किया था। न्यायिक हिरासत मिलने के तुरंत बाद श्वेता सिंह व मयंक रावत ने अदालत में जमानत की अर्जी भी लगा दी। इस मामले में एक और आरोपित विशाल झा को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। विशाल झा और मयंक रावत दोनों कोरोना पाजिटिव हो गए हैं। बुल्ली बाई एप में निशाना बनाए जाने के बाद कई मुस्लिम महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस भी छह जनवरी को एक आपराधिक मामला दर्ज कर चुकी है।

सुल्ली डील्स व बुल्ली बाई के बाद अब क्लबहाउस एप पर मचा बवाल

मिड-डे के मुताबिक, सुल्ली डील्स और बुल्ली बाई एप के बाद अब एक और आडियो चैट एप्लिकेशन क्लबहाउस को लेकर बवाल मच गया है। इसके जरिये मुस्लिम समुदाय की महिलाओं को लेकर अभद्र व अश्लील बातें कही गई हैं। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने इस संबंध में क्लबहाउस को नोटिस भेजकर एप के चैटिंग रूम में हो रही बातचीत की जानकारी मांगी है। पुलिस ने बताया कि क्लबहाउस को भारत के बाहर से हैंडल किया जा रहा है। यह एप गूगल प्ले पर उपलब्ध है। इस एप के बारे में ट्विटर यूजर जैमिनी ने ट्वीट कर जानकारी दी है। जैमिनी ने इसमें क्लबहाउस में मुस्लिम महिलाओं को लेकर हुई बातचीत की स्क्रीन रिकार्डिग शेयर की है। बातचीत की शुरुआत क्लबहाउस में बिस्मिल्लाह और सालौस नाम के सदस्यों ने की थी। हालांकि, एक ट्विटर यूजर ने दावा किया है कि वायस चैट वायरल होने के बाद सालौस ने अपनी आइडी डिलीट कर दी है। क्लबहाउस में सालौस की आइडी सालौस.हेल के नाम से थी। इसके 382 फालोअर थे। वहीं, क्लबहाउस पर बिस्मिल्लाह की आइडी डब्ल्यूटीएफ एस्टिक के नाम से है और इसके 291 फालोअर हैं।

Back to top button