हरियाणा के प्रयास कुंज आश्रम में नाबालिग से हुआ दुष्कर्म

जींद। पानीपत रोड स्थित गांव निर्जन के प्रयास कुंज आश्रम में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में आश्रम के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना एक साल पहले की है और उस समय जिला जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन कार्यालय की ओर से नाबालिग को आश्रम में छोड़ा गया था। हालांकि संचालक ने आश्रम को दो माह पहले ही बंद कर दिया था।हरियाणा के प्रयास कुंज आश्रम में नाबालिग से हुआ दुष्कर्म

नाबालिग लड़की ने एसएसपी डॉ. अरुण सिंह से मिलकर शिकायत दी थी कि उसे 6 जून 2017 को जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन की तरफ से गांव निर्जन स्थित प्रयास कुंज आश्रम में छोड़ा गया था। वह 28 जुलाई 2017 तक आश्रम में रही। इस दौरान आश्रम के संचालक राममेहर ने उसके साथ दुराचार किया। विरोध करने पर राममेहर ने कर्मचारी सोनू व चौकीदार प्यारेलाल के साथ मिलकर मारपीट की।

नाबालिग लड़की ने बताया कि सोनू व प्यारेलाल ने भी उससे कई बार छेड़छाड़ की। आरोपितों ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस डर से उसने किसी को कुछ भी नहीं बताया। बाद में अदालत ने परिजनों को समझा बुझाकर उसे उनके साथ भेज दिया। बाद में परिवार के लोग किसी बुजुर्ग के साथ उसकी शादी करना चाहते थे और उसे घर में ही बंधक बना लिया। इस बारे में उसने किसी तरीके से पुलिस को सूचित कर दिया।

पुलिस उसे अपने साथ ले आई और जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन के आदेश पर उसे जींद के दूसरे बाल आश्रम में छोड़ दिया। इस आश्रम में आने के बाद उसने कर्मचारियों को एक साल पहले अपने साथ हुई घटना के बारे में अवगत करवाया। इस पर जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन अधिकारी कार्यालय में भी शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अब एसएसपी को शिकायत देने के बाद महिला पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार किया है।महिला थाना प्रभारी कमलेश ने बताया कि नाबालिग द्वारा परिवार के साथ जाने से मना करने पर उसे जींद के एक आश्रम में छोड़ा हुआ है। वहीं प्रयास कुंज आश्रम के संचालक खानपुर (सोनीपत) निवासी राममेहर और गांव निर्जन निवासी कर्मचारी सोनू व चौकीदार प्यारेलाल के खिलाफ केस दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

Back to top button