मौसम विभाग का अनुमान: दिल्ली में हो सकती है बारिश…

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के कई हिस्सों में बर्फबारी हुई है। बर्फीली हवाओं से दोबारा शीतलहर चल पड़ी है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आई है। जम्मू व शिमला सहित कई जगह बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम में विक्षोभ सक्रिय होने से पहाड़ों पर बर्फबारी होने के साथ ही रविवार को दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। 


वैसे दिल्ली-एनसीआर में दिन के साथ ही रात में भी गर्मी परेशान करने लगी है। राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि पिछले नौ सालों में सर्वाधिक रहा। इससे पहले वर्ष 2013 में 27 फरवरी को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। अगले 24 घंटों में आसमान साफ रहने के साथ अधिकतम व न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट के आसार हैं।  


मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की कमजोर सक्रियता व आसमान साफ रहने के अधिक गर्मी पड़ रही है। हालांकि, अगले सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इससे पहाड़ों पर बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों में भी अधिकतम तामपान में कमी आएगी। प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान शुक्रवार के 15.2 डिग्री के मुकाबले 2.6 अधिक 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी इजाफा होने की वजह से सुबह व रात में गर्मी महसूस की गई। वहीं, अधिक तपिश के कारण दिन में लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 94 व न्यूनतम 44 फीसदी रहा। दिल्ली का स्पोर्ट्स कांप्लेक्स इलाका 33.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। 

कब कितना रहा न्यूनतम तापमान
वर्ष         तापमान
2021    17.8
2020    13
2019    09
2018    15
2017    11
2016    13
2015    13
2014    12
2013    13
(27 फरवरी को न्यूनतम तापमान)

खराब श्रेणी में रही दिल्ली की वायु गुणवत्ता
दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक(एक्यूआई) शनिवार को भी खराब श्रेणी में बनी रही। गुरुग्राम में एक्यूईआई सुधरकर औसत श्रेणी में पहुंच गया। वहीं, गाजियाबाद में वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के अनुसार राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 203 दर्ज किया गया। गाजियाबाद में एक्यूआई 307 रहा। सफर के अनुसार, इन दिनों रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली हवाएं दिल्ली में धूल के कणों को लेकर आ रही है। इस वजह से हवा में धूल बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में हवा में पीएम 10 का स्तर 195 व पीएम 2.5 का स्तर 68 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर दर्ज किया गया। 

कहां कितना रहा एक्यूआई
गाजियाबाद    307
ग्रेटर नोएडा   254
फरीदाबाद      241
नोएडा          215
दिल्ली          203
गुरुग्राम        165

Back to top button