MP: धनतेरस में लोगों की भीड़ से गुलजार हुए बाजार, मंदी को मात दे ऐसे खरीदी करते दिखे लोग

इंदौर। सुख, समृद्धि और खुशियों का पांच दिनी महापर्व दिवाली मंगलवार को धनतेरस के साथ शुरू हुआ। खरीदी और शुभ कार्यों केे लिए धनतेरस को सबसे अच्छा दिन माना जाता है। मप्र की आर्थिक राजधानी इंदौर में धनतेरस पर करीब 170 करोड़ का कारोबार हुआ है। इसमें बर्तन और सोने-चांदी, प्रॉपर्टी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान शामिल हैं।

MP: धनतेरस में लोगों की भीड़ से गुलजार हुए बाजार, मंदी को मात दे ऐसे खरीदी करते दिखे लोग

– धनतेरस के दिन आॅटोमोबाइल मार्केट बूम पर था। सभी प्रकार की गाड़ियों की जमकर बिक्री हुई। व्यापारियों के अनुसार पिछले साल धनतेरस पर तीन करोड़ के बर्तनों की बिक्री हुई। इस बार व्यापारियों को आशंका थी कि नोटबंदी और जीएसटी के चलते दीवाली पर कारोबार कमजोर हो सकता है, लेकिन लोगों के उत्साह ने इस आशंका को झुटला दिया। खरीदारों की भीड़ से शहर का हर बाजार गुलजार हो गया।

– इस त्योहारी मौसम में पहली बार बाजार में इतनी चहल-पहल नजर आई। बर्तन, कपड़े, गहने, फर्नीचर, इलेक्ट्रानिक आइटम, होम डेकोर की दुकानों पर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने पूजा के लिए लक्ष्मीजी के पाने, मूर्ति और चांदी और सोने के सिक्कों की जमकर खरीदारी की।

रंगीन सिक्के रहे आकर्षण का केंद्र…

– शहर में पहली बार चांदी के रंगीन सिक्के की बिक्री हुई। लोगों ने इसे हाथोंहाथ खरीदा। सराफा बाजार में व्यापारियों ने बंगाल के कारीगरों से ये सिक्के बनवाए हैं। विक्टोरिया और किंग जार्ज की तस्वीर वाले इन सिक्कों पर सोने का पानी चढ़ाने के साथ मीनाकारी की गई है। इसी तरह चांदी के नोट भी कलर वाले हैं।
– व्यापारियों के मुताबिक़ इस बार लोगों की रूचि ब्रांडेड बर्तनों में ज्यादा थी। बर्तन बाजार में व्यापारियों ने परंपरागत रूप से सजावट की थी। लोगों ने अपनी दुकानें बर्तन से सजाई थी। कुछ व्यापारियों ने तो बर्तन की चार मंजिला मीनार बना रखी थी। उल्लेखनीय है कि धनतेरस की रात बड़ी संख्या में लोग बर्तन बाजार और दीवाली की रात कपड़ा बाजार की सजावट देखने आते हैं।
Back to top button