मनोज तिवारी ने सील हुए घर का तोड़ा ताला, आप ने BJP पर साधा निशाना

नयी दिल्ली: दिल्ली में सीलिंग से आम आदमी और व्यापारी वर्ग काफी परेशान है। सीलिंग का मुद्दा ऐसा है जिसे लेकर आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस हमेशा एक दूसरे की आलोचना करते रहे हैं। इन सबके बीच दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो कथित रूप से एक सीलबंद घर ताला तोड़ रहे हैं। यह घर मनोज तिवारी के संसदीय क्षेत्र पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी का बताया जा रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। सीलिंग के मुद्दे को लेकर अब आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा है। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस ने इस वीडियो को दिल्ली के भाजपा शासित नगर निगमों से जोड़ दिया है। 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि नोटबंदी और जीएसटी के बाद अब सीलिंग ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा ‘ये ख़द ही सुबह सीलिंग करते हैं और खुद ही शाम को जाकर ताला तोड़ देते हैं। इन्हें क्या लगता है कि लोग बेवकूफ हैं? नोटबंदी, GST और अब सीलिंग करके भाजपा ने पूरी दिल्ली को बर्बाद कर दिया।’

आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी सीलिंग का मुद्दा जोर-शोर से उठाए हुए है। वहीं सीलिंग के मुद्दे पर ‘न्याययुद्ध’ अभियान चला रही कांग्रेस ने सीलिंग अभियान से प्रभावित लोगों को बचाने में विफल रहने पर तिवारी समेत भाजपा सांसदों के इस्तीफे की मांग की है।

Back to top button