करनाल से एक बार फिर लड़ाई लड़ेंगे मनोहरलाल

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया, जिनमें कहा जा रहा है कि वह करनाल की बजाय गुरुग्राम, पंचकूला अथवा हांसी से चुनाव लड़ सकते हैं। वह अगले विधानसभा चुनाव में करनाल से ही मैदान में उतरेंगे और राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। जिन सीटों पर भाजपा की स्थिति कमजोर है, वहां पार्टी और सरकार का खास फोकस रहेगा।करनाल से एक बार फिर लड़ाई लड़ेंगे मनोहरलाल

मनोहर लाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह 2019 में विधानसभा चुनाव में एक बार फिर करनाल से चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि करनाल हलके को छोड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता। वैसे तो पूरा प्रदेश मेरा हलका है और इसी सोच के तहत राज्य में एक समान रूप से काम कराए जा रहे हैं।

एक सवाल के जवाब में मनोहर लाल ने कहा कि विकास के मामले में गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला प्रदेश के अव्वल शहर हैं। इनमें हिसार और करनाल को भी शामिल करना है। इसी सोच के साथ विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ा जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि अगला विधानसभा चुनाव भाजपा भारी बहुमत से जीतेगी और राज्‍य में फिर सरकार बनाएगी।

उन्‍हाेंने कहा कि राज्‍य में भाजपा की सरकार ने कार्य संस्‍कृति पैदा की और भ्रष्‍टाचार का खात्‍मा किया। राज्‍य में नौकरियों में भ्रष्‍टाचार का खेल चल रहा था और हमने इसे खत्‍म करने की दिशा में कदम उठाया। राज्‍य में विकास में भेदभाव हो रहा था और इसे समाप्‍त कर सभी क्षेत्रों की प्रगति के लिए कदम उठाए गए।

दिल्ली-कटरा ट्रेन भी करनाल में रुकेगी

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दिल्ली से अंबाला के रास्ते कटरा जाने वाली ट्रेन का करनाल में भी ठहराव कराने की बात कही। मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही इस संबंध में रेल मंत्रालय को पत्र लिखा जाएगा।

Back to top button