मानव तस्कर प्रभा मुनि ने पढ़ाई के नाम पर दस साल की मासूम का किया सौदा

 दिल्ली में गिरफ्तार मानव तस्कर प्रभा मिंज मुनि के विरुद्ध गुमला जिले के बसिया थाने में भी 10 अक्टूबर 2012 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। यह प्राथमिकी बसिया थाना क्षेत्र के रामडीह डाई टोली निवासी एक व्यक्ति ने दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया था कि उनकी दस साल की बेटी को कस्तूरबा विद्यालय में नामांकन के नाम पर ले जाया गया और दिल्ली में ले जाकर उसका सौदा कर दिया गया। यह मामला अब तक अनुसंधान के अधीन है।मानव तस्कर प्रभा मुनि ने पढ़ाई के नाम पर दस साल की मासूम का किया सौदा

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार शिकायतकर्ता के घर पर 12 जुलाई, 2007 को गीता देवी, मरीस रौशन व बबली कुमारी पहुंचे। उस वक्त उनकी पुत्री दस साल की थी। आरोपितों ने कहा कि बच्ची का नाम वे लोग कस्तूरबा आवासीय स्कूल कामडारा में लिखवा देंगे। इसके बाद विश्वास में लेकर वे लोग बच्ची को ले गए। एक सप्ताह के बाद परिजन जब कस्तूरबा विद्यालय पहुंचे तो वहां बच्ची का नाम ही अंकित नहीं था। बाद में पता चला कि बच्ची को दिल्ली में ले जाकर बेच दिया गया है। तब दिल्ली गए तो एनजीओ की मदद से छानबीन में बच्ची की खरीद-बिक्री के बारे में जानकारी मिली।

इन पर दर्ज कराई थी नामजद प्राथमिकी 
– गीता देवी: पति अमर बड़ाईक, रामडीह, कामडारा, गुमला।
– मरीस रौशन: सिलम हरिजन बस्ती, रायडीह, गुमला।
– बबली कुमारी: सिलम हरिजन बस्ती, रायडीह, गुमला।
– गीता: पिता दुर्जन बड़ाईक, लसिया किन्नीकला, बसिया, गुमला।
– प्रवीण कुमार सिंह: देसरी, वैशाली, बिहार।
– बामदेव: 48/72 पश्चिमी पंजाबी बाग, दिल्ली।
– रोहित मुनि: 48/72 पश्चिमी पंजाबी बाग, दिल्ली।
– प्रभा मुनि: पति रोहित मुनि, 48/72 पश्चिमी पंजाबी बाग, दिल्ली।

सिमडेगा में भी 2013 को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
सिमडेगा के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) थाने में छह मई 2013 को मानव तस्करी, बाल श्रम आदि के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें भी दिल्ली के गोपाल बारला, लता लकड़ा, बीएस आजाद, प्रभा मुनि व रोहित मुनि आरोपित किए गए थे। यह मामला भी अब तक अनुसंधान के अधीन है।

मानव तस्करों की सूची में टॉप पर थी प्रभा मिंज
प्रभा मिंज सीआइडी से जारी मानव तस्करों की सूची में टॉप पर थी। उसका पूर्व में एक ऑडियो क्लिप भी जारी हुआ था। जारी ऑडियो में उसने अपनी गिरफ्तारी नहीं होने के पीछे एक पुलिस अधिकारी को मैनेज करने की बात स्वीकारी है।

फेसबुक के माध्यम से प्रभा तक पहुंची पुलिस
प्रभा मिंज पुलिस के लिए वांछित थी। विशेष शाखा झारखंड की सोशल मीडिया सेल ने जब फेसबुक पर उसके अपडेट पोस्ट को देखा तो इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई। इसके बाद ही दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने प्रभा मिंज को गिरफ्तार किया। उसने फेसबुक पर झारखंड से लेकर दिल्ली तक के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीर शेयर की थी। वहीं, अपनी बेटी की फिल्म का प्रमोशन भी किया था। प्रभा मिंज की बेटी दीपशिखा मिंज नागपुरी फिल्म व नागपुरी एलबम की अभिनेत्री है।

Back to top button