LokSabha election 2019: चुनाव प्रचार करने के लिए प्रियंका दो घंटे ही शहर में रहेंगी, कल होगा प्रियंका का रोड शो

 कांग्रेस प्रत्याशी श्रीप्रकाश जायसवाल का चुनाव प्रचार करने के लिए प्रियंका वाड्रा शुक्रवार को दो घंटे शहर में रहेंगी। एसपीजी और शहर कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक में यह तय हुआ। पूर्व नियोजित रूट प्लान में भी बदलाव किया गया है। इसके बाद तय हो गया कि फिलहाल प्रियंका अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में रोड शो नहीं करेंगी। 
अहिरवां एयरपोर्ट पर 19 अप्रैल को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा अपराह्न तीन बजे पहुंचेंगी। यहां से उनका रोड शो शुरू होगा। रोड शो रामादेवी, सीओडी पुल, टाटमिल चौराहा, घंटाघर, नयागंज किराना मार्केट, सराफा बिरहाना रोड होते हुए फूलबाग पहुंचेगा। यहां नुक्कड़ सभा होगी। इसके बाद प्रियंका का काफिला कंपनी बाग चौराहा, मेघदूत होटल होते हुए बड़ा चौराहा पहुंचेगा। जहां पर रोड शो समाप्त हो जाएगा।
यहां से प्रियंका सड़क मार्ग से लखनऊ जाएंगी। बुधवार को अहिरवां एयरपोर्ट पर एसपीजी और शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों संग हुई बैठक में यह तय हुआ। बैठक में उत्तर प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, कानपुर लोकसभा प्रभारी पंकज उपाध्याय, नगर ग्रामीण अध्यक्ष संजीव दरियावादी, सिद्धार्थ जायसवाल उपस्थित रहे। 

अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में रोड शो करने आएंगे राहुल गांधी 

कानपुर और अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए एक साथ रोड शो तय किया जा रहा था। हालांकि समयाभाव के चलते कानपुर के लिए प्रियंका का रोड शो तय किया गया है। शहर कांग्रेस कमेटी के मुताबिक अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में रोड शो करने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आएंगे। यह कार्यक्रम जल्द बनाया जाएगा।  

Back to top button