Loksabha Election 2019: सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा गठबंधन में तीन पार्टी-गरीब किसान और बेरोजगार

 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के लोग इस गंठबंधन को महामिलावट बता रहे हैं, फिर भाजपा 38 पार्टियों का गंठबंधन है तो उसे कौन सा कहेंगे। कहा, हमारे इस गठबंधन के बारे में किसी ने सोचा नहीं होगा, ये तीन पार्टी वाला है, इसमें गरीब, किसान और बेरोजगार का गठबंधन है। वह बुधवार को कानपुर लोकसभा संसदीय क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

कानपुर में लोकसभा चुनाव में गठबंधन प्रत्याशी के लिए बुधवार पहली बड़ी जनसभा का आयोजन हुआ। जीआइसी मैदान में आयोजित जनसभा में दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पहुंचे। मंच पर पहुंचकर अखिलेश ने संबोधन में सबसे पहले भाजपा पर निशाना साधा। कहा, अच्छे दिन आएंगे, नौकरी मिलेगी लेकिन सबकुछ तो छिन गया। क्या नोट बंदी से काला धन खत्म हो गया, क्या भ्रष्टाचार खत्म हुआ। हजारों करोड़ रुपये लेकर उघोगपति देश छोड़ गए और आज तक नहीं आए। कानपुर यही स्मार्ट सिटी है, जहां कूड़ा हटा नहीं पाए हैं जानवर सड़कों पर घूम रहे हैं। कूड़ा हटा नहीं पाए तो भाजपा ने सांसद ही हटा दिया और अब नए लाए हैं।

Back to top button