LJP सांसद वीणा देवी मुंगेर सीट से ही लड़ूंगी लोकसभा चुनाव

मुंगेर । लोजपा सांसद वीणा देवी ने कहा है कि हर हाल में मैं मुंगेर से ही चुनाव लड़ूंगी। अगर पार्टी से यहां का टिकट नहीं मिल पाया तो वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगी लेकिन मुंगेर से ही चुनाव लड़ेंगी।

सांसद ने कहा कि मुंगेर की जनता उन्हें पसंद करती है और वहां के मतदाता की मांग है कि वे उनका प्रतिनिधित्व करें। वेदांता अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सांसद ने दूरभाष पर जागरण को बताया कि अगर एनडीए में रहना लोजपा की मजबूरी है, तो वह रहे। लेकिन वह अपनी सीट छोडऩे की स्थिति में नहीं हैं।

लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद सूरज सिंह उर्फ सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वे पुन: लोजपा में ही शामिल होंगी और एनडीए का समर्थन करेंगी।  

जदयू के एनडीए में आने के बाद मुंगेर सीट पर चर्चा 

जदयू के एनडीए में शामिल होने के बाद से मुंगेर की सीट हॉट केक बन गई है। चर्चा है कि जदयू नेता और राज्य सरकार में जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह यहां से चुनाव लडऩा चाहते हैं। ललन सिंह के चुनाव लडऩे की चर्चा के बीच वीणा देवी का मुंगेर से टिकट कटना तय माना जा रहा है।

इससे पहले भी लोजपा सांसद वीणा देवी ने कहा था कि वह 2019 में मुंगेर सीट से ही चुनाव लड़ेंगी। वे मुंगेर सीट छोडऩे वाली नहीं हैं। गठबंधन जदयू के लिए मजबूरी है, भाजपा के लिए नहीं। गठबंधन टूटे तो टूटे।

Back to top button