क्रांतिधरा मेरठ आज एक अनूठे रिकॉर्ड की बनेगी साक्षी

क्रांतिधरा मेरठ आज एक अनूठे रिकॉर्ड की साक्षी बनेगी। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा आयोजित राष्ट्रोदय कार्यक्रम में तीन लाख से ज्यादा स्वयं सेवक गणवेश में कदमताल करते नजर आएंगे। इतनी बड़ी संख्या में एक साथ स्वयं सेवकों का समागम आरएसएस के इतिहास में पहली बार हो रहा है। इस कार्यक्रम में स्वयं सेवकों को संघ प्रमुख सरसंघ चालक डा. मोहन राव भागवत संबोधित करेंगे। वह शनिवार शाम को ही शताब्दीनगर स्थित माधवकुंज पहुंच गये। 

 

मेरठ में राष्ट्रोदय आज, अनूठे रिकॉर्ड की साक्षी बनेगी क्रांतिधरासर संघ चालक मोहन भागवत तीन लाख स्वयं सेवकों को करेंगे संबेधित

राष्ट्रीय स्वयं सेवक के मेरठ प्रांत द्वारा स्वयं सेवक समागम आज जागृति विहार एक्सटेंशन में हो रहा है। संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख अजय मित्तल ने बताया कि अभी तक किसी बड़े नेता का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। लेकिन फिलहाल जो संकेत मिल रहे हैं, उसके अनुसार प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डा. दिनेश शर्मा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इनके अलावा प्रदेश के कई केबिनेट और राज्यमंत्रियों के साथ दूसरे प्रदेशों के मंत्री, सांसद, विधायक भी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं।

दोनों उपमुख्यमंत्री के आने की संभावना, तीन लाख से ज्यादा स्वयं सेवक करेंगे कदमताल

सुबह 9 बजे से स्वयं सेवक समागम स्थल पर एकत्र होना शुरू हो जाएंगे और दोपहर में करीब तीन बजे डा. मोहन राव भागवत मंच पर पहुंचेंगे । इससे पहले जूना अखाड़ा के पीठाधीश्वर और जैन मुनि का प्रवचन होगा।  मेरठ प्रांत में फिलहाल न्याय पंचायत स्तर तक शाखाओं का विस्तार हो चुका है। लेकिन ग्राम पंचायतें अभी उपेक्षित है। ऐसे में गांव-गांव तक शाखा का विस्तार हो, इसका संदेश लेकर यहां से स्वयं सेवक अपने अपने क्षेत्र में जाकर सक्रिय होंगे।

14 जनपदों से स्वयं सेवक होंगे शामिल

राष्ट्रोदय में मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद मंडलों के 14 जनपदों से स्वयं सेवक आ रहे हैं। स्वयं सेवकों के लिए दोपहर और शाम के भोजन की व्यवस्था की गयी है। इसके लिए एनएच-58 पर टोल प्लाजा से पहले, दिल्ली की तरफ मोहिउद्दीनुपर चीनी मिल से पहले, हापुड़ रोड, गढ़ रोड, किला रोड, मवाना रोड, रोहटा रोड, सरधना रोड, और बागपत रोड पर भोजन वितरण केंद्र बनाये गये हैं।


 
Back to top button