अमरनाथ यात्रा के बाद कश्मीर को अगले महीने मिलेगा नया राज्यपाल, इस नाम की हो रही चर्चा

जम्मू-कश्मीर में बीते करीब दस सालों से इस पद की जिम्मेदारी को निभा रहे वर्तमान राज्यपाल एनएन वोहरा की ओर से अनिच्छा जताने के बाद सरकार में शीर्ष स्तर पर नए नामों पर मंथन हो रहा है।इस सूची में पूर्व गृह सचिव एवं वर्तमान भारत के महानियंत्रक एवं लेखापरीक्षक (सीएजी) राजीव महर्षि सहित कुछ सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों के नाम हैं।

माना जा रहा है कि सरकार संसद का मानसून सत्र खत्म होने के बाद इस पर अंतिम फैसला लेगी। गौरतलब है कि सूबे में भाजपा और पीडीपी का गठबंधन खत्म होने के बाद से ही नया राज्यपाल भेजे जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। वर्तमान राज्यपाल वोहरा अब लंबे समय तक इस पद पर बने नहीं रहना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक वोहरा ने अपनी इच्छा से गृह मंत्री राजनाथ सिंह को कई बार अवगत भी करा चुके हैं।

राज्य में राज्यपाल शासन के तत्काल बाद शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के कारण वोहरा को अपने पद पर बने रहने का अनुरोध किया गया था। अब जबकि यह यात्रा रक्षा बंधन के दिन खत्म हो रही है, तब सरकार ने नए राज्यपाल के नाम पर मंथन का सिलसिला शुरू हो गया है।

सूत्रों ने बताया कि महर्षि जरूर इस पद की दौर में हैं, मगर अभी उनका नाम फाइनल नहीं किया गया है। सूबे की स्थिति को देखते हुए इस पद के लिए चार पूर्व वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के नाम पर भी विचार किया जा रहा है। 

Back to top button