जयराम ठाकुर को हटाकर अनुराग ठाकुर को हिमाचल प्रदेश का सीएम बना सकती है बीजेपी: डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया

पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में 117 में से 92 सीटें जीतकर राजनीतिक में धमाका करने वाली आम आदमी पार्टी पड़ोसी हरियाणा समेत अन्य राज्यों में भी विस्तार की तैयारी में जुटी हुई है। ऐसे में AAP खासतौर से केंद्र में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी सरकार पर हमलावर है। इस बीच बृहस्पतिवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पत्रकार वार्ता कर एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। इस दौरान मनीष सिसोदिया ने दावा किया है कि अगले कुछ महीनों में भाजपा हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर को हटाकर उनके स्थान पर अनुराग ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि जयराम ठाकुर पूरी तरह से नाकाम हो चुके हैं।

भाजपा डरी अरविंद केजरीवाल माडल आफ गवर्नेंस से

मनीष सिसोदिया ने पत्रकार वार्ता में यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल माडल आफ गवर्नेंस से भाजपा का डर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दिल्ली के बाद पंजाब भी आम आदमी पार्टी के पास आ जाने के बाद अब हिमाचल प्रदेश और गुजरात को लेकर भाजपा परेशान है। बता दें कि इस साल के अंतिम महीनों में दोनों ही राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और आम आदमी पार्टी दोनों ही राज्यों में मजबूती से चुनाव लड़ने जा रही है।

AAP को मिले जनता के समर्थन से भाजपा तनाव में

बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता में भाजपा को निशाने पर लेते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुजरात और हिमाचल प्रदेश गए तो वहां उन्हें जनता का जो समर्थन मिला, उसे देखकर भाजपा ज्यादा तनाव में आ गई है। इसी डर की वजह से भाजपा अपने साढ़े चार साल पुराने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बदलने जा रही है, हमारे विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि भाजपा बहुत जल्द ऐसा करने जा रही है।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया है कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बहुत ही नाकारा और असफल सीएम हैं, उन्होंने कोई स्कूल नहीं बनाया, कोई अस्पताल नहीं बनाया। मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमारा कहना है कि भाजपा चाहे जो कर ले, अब अपनी साढ़े चार साल की नाकामी को छिपा नहीं पाएगी, मुख्यमंत्री बदलने से जनता वापस भाजपा को ही वोट नहीं देगी, हिमाचल की जनता अब आम आदमी पार्टी को ही सत्ता देना चहती है।

Back to top button