इनसो ने अपने स्थापना दिवस को राज्यस्तरीय युवा अधिकार दिवस के रूप में मनाया

कैथल। इनेलो के छात्र विंग इनसो ने कैथल में अपना 16वां स्थापना दिवस मनाया। इसमें पार्टी के प्रदेश के नेताओं के साथ-साथ बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, संजय सिंह सहित कई अन्य नेताओं ने शिरकत की।इनसो ने अपने स्थापना दिवस को राज्यस्तरीय युवा अधिकार दिवस के रूप में मनाया

इनसो ने इसे राज्यस्तरीय युवा छात्र अधिकार दिवस के रूप में मनाया। दरअसल, इनसो ने इस रैली के माध्यम से हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला का कद पार्टी में बढ़ाने की कवायद की है। इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने दुष्यंत को प्रदेश के युवाओं का नया नेता बताया तो मंच से अन्य वक्ताओं ने उन्हें भावी राजनीति का आधार कहा।

छात्र संघ के चुनाव प्रत्यक्ष रूप से कराने के लिए इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने ऐलान किया। कहा कि जब तक चुनाव सीधे तौर पर नहीं होते संघर्ष जारी रहेगा। सांसद दुष्यंत चौटाला और नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने सरकार के खिलाफ संघर्ष की घोषणा की।

इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला अपने दोनों बेटों कर्ण व अर्जुन चौटाला के साथ पहुंचे थे। उन्होंने मंच से युवाओं को एकजुट होकर भाजपा व कांग्रेस के खिलाफ माहौल तैयार करने का आह्वान किया। अभय सिंह ने कहा कि वे सोशल साइट का प्रयोग सकारात्मक कामों के लिए करें।

इस दौरान कार्यक्रम में दसवीं और 12वीं कक्षा में प्रदेश में अव्वल रहे विद्यार्थियों को इनसो लैपटॉप भेंट किए। कॉमनवेल्थ खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें गीता फौगाट, बबीता फौगाट, सोमवीर कादियान, बजरंगी, अनिल ढुल सरीखे खिलाड़ी शामिल रहे।

स्थानीय नेता रहे दूर

इनसो के कार्यक्रम से स्थानीय इनेलो नेताओं ने दूरी बनाए रखी। पूर्व संसदीय सचिव रामपाल माजरा, पूर्व कोषाध्यक्ष पारस मित्तल इस कार्यक्रम में नहीं दिखे। नई अनाज मंडी में प्रदेशभर से युवाओं का जनसैलाब उमड़ा, जिसके चलते शहर रहा जाम।

Back to top button