INDvWI: विश्व के शीर्ष दो बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा रिकॉर्ड्स में भी बने नंबर-1
October 22, 2018
2 minutes read
रोहित शर्मा (152*) और कप्तान विराट कोहली (140) के बेहतरीन शतकों और दोनों के बीच हुई 246 रन की साझेदारी की बदौलत टीम इंडिया ने रविवार को पहले वन-डे में वेस्टइंडीज को 8 विकेट के विशाल अंतर से हरा दिया। इस दौरान दोनों ही बल्लेबाजों ने एकसाथ कई रिकॉर्ड्स तोड़े व अपने नाम किए। इन पर गौर करते हैं:
विराट कोहली और रोहित शर्मा वन-डे में सर्वाधिक द्विशतकीय साझेदारी करने के मामले में नंबर-1 बन गए हैं। रोहित-विराट ने अब तक पांच बार 200 या इससे अधिक रन की साझेदारी की है। विश्व में कोई और जोड़ी यह कमाल नहीं कर सकी है। उल्लेखनीय है कि तीन जोड़ियों ने तीन-तीन बार द्विशतकीय साझेदारी की है। मगर चार बार किसी जोड़ी ने ऐसा कमाल नहीं किया है।
विराट कोहली और रोहित शर्मा भारत में वन-डे में सर्वाधिक रन की साझेदारी करने के मामले में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस जोड़ी ने राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली द्वारा 1999 में नागपुर में श्रीलंका के खिलाफ की 236 रन की साझेदारी के आंकड़ें को पीछे छोड़ा। वैसे, भारत में वन-डे में सर्वाधिक रन की साझेदारी का रिकॉर्ड राहुल द्रविड़-सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज हैं। दोनों ने 1999 में हैदराबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ 331 रन की साझेदारी की थी।
इस मामले में दूसरे स्थान पर मोहम्मद अजहरूद्दीन और अजय जडेजा की जोड़ी काबिज है, जिन्होंने 1998 में कटक में जिम्बाब्वे के खिलाफ 275 रन की अविजित साझेदारी की थी। तीसरे नंबर पर एमएस धोनी और युवराज सिंह की जोड़ी काबिज है। युवी-धोनी ने 2017 में कटक में इंग्लैंड के खिलाफ 256 रन की साझेदारी की थी। अब विराट-रोहित की जोड़ी चौथे स्थान पर पहुंच गई है। पांचवें स्थान पर राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली की जोड़ी मौजूद है, जिसका उल्लेख पिछली स्लाइड में किया गया है।
भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतकीय साझेदारी के मामले में विराट कोहली और रोहित शर्मा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। कोहली-शर्मा ने अब तक 21 बार शतकीय साझेदारियां की हैं। इन्होंने राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली की बराबरी की। इस मामले में शीर्ष पर सौरव गांगुली-सचिन तेंदुलकर की जोड़ी काबिज है। दोनों ने कुल 38 बार शतकीय साझेदारी की है। दूसरे नंबर पर राहुल द्रविड़-सचिन तेंदुलकर की जोड़ी काबिज है। इन दोनों ने कुल 31 बार शतकीय भागीदारी की है।
वन-डे में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की तरफ से सर्वाधिक शतकीय साझेदारी पूरी करने के मामले में विराट कोहली-रोहित शर्मा की जोड़ी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। दोनों ने कुल 8 बार लक्ष्य का पीछा करते समय 100 या इससे अधिक रन की साझेदारी की है। इस मामले में शीर्ष पर सचिन तेंदुलकर-सौरव गांगुली मौजूद हैं। महान बल्लेबाजों ने कुल 17 बार यह कमाल किया है। विराट-रोहित ने वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर की बराबरी की। तेंदुलकर-सहवाग ने भी लक्ष्य का पीछा करते हुए 8 बार शतकीय साझेदारियां की हैं।