आने वाले दिनों में देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में इजाफा होनें की संभावना…

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि देश में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है। यह तीन से पांच दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, इस दौरान देश के किसी भी हिस्से में लू का सामना नहीं करना पड़ेगा। विभाग के मुताबिक, भारत के ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत में सामान्य रहेगा तापमान

मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि अगले तीन से पांच दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में तापमान सामान्य रहेगा। अगले पांच दिनों के दौरान केरल में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में आंधी तूफान आने की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, आज महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, बंगाल, सिक्किम तमिलनाडु, ओडिशा के एक-दो हिस्सों और केरल में आंधी तूफान आने की संभावना व्यक्त की गई है। इसके अलावा, देश के किसी भी हिस्से में बारिश की संभावना नहीं व्यक्त की गई है।

दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा रविवार

दिल्ली में गर्मी अपना रंग दिखाने लगी है। रविवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। 15 अप्रैल तक दिन का तापमान 37 डिग्री पार कर जाएगा।

उत्तराखंड में पारा 33 डिग्री के पार

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रह सकता है। इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। कहीं-कहीं तेज हवा के झोंके चल सकते हैं। बता दें, पहाड़ से लेकर मैदान तक चटख धूप खिलने से तापमान बढ़ने लगा है। ज्यादातर शहरों का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के पास बना हुआ है। 

झारखंड में 35 डिग्री पर पहुंचा पारा

झारखंड में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 11 से 14 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन आज बोकारो, गुमला, हजारीबाग और खूंटी में आंशिक बादल छाने और बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।

Back to top button