ओडिशा में ट्रेन हादसे को लेकर भाजपा ने अपने पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रमों को स्थगित किया..

गोपालगंज में सम्राट चौधरी का कार्यक्रम नहीं होगा। भाजपा के राज्य सभा सांसद सुशील कुमार मोदी के सीतामढ़ी कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है।ओडिशा के बालेश्वर में भयावह रेल दुर्घटना में अबतक 238 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, नौ सौ से अधिक लोग घायल हैं। तीन ट्रेनों की बीच भीषण टक्कर से हुए इस हादसे से पूरा देश सदमे में है। इसी कड़ी में भाजपा ने देशभर में होने वाले अपने कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। 

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ओडिशा में ट्रेन हादसे को लेकर गोपालगंज में उनका कार्यक्रम नहीं होगा। बिहार में भाजपा के सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। भाजपा के राज्य सभा सांसद सुशील कुमार मोदी के सीतामढ़ी में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि गोपालगंज में आज उनका प्रवास था। हालांकि, ओडिशा ट्रेन हादसे को लेकर कार्यक्रम को पूर्ण रूप से स्थगित किया जाता है। यह पूरे देश के लिए दुख की घड़ी है। हम सभी को मृतकों के परिवार के साथ रहना चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि ओडिशा में ट्रेन हादसे के कारण राज्य सभा सांसद सह पूर्व उप मुख्यमंत्री मोदी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम प्रेस वार्ता सह सोशल मीडिया प्रभावशाली व्यक्ति संवाद कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। 

सुशील मोदी आज 11.30 बजे के बाद सीतामढ़ी में जिला भाजपा कार्यालय (सिमरा पुलिस लाइन के सामने) आएंगे और ट्रेन हादसे में मृत यात्रियों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए आयोजित शोक सभा में भाग लेंगे। मौके पर भाजपा के सभी विधायक, पूर्व विधायक पूर्व सांसद भी उपस्थित रहेंगे।

Back to top button