बृजभूषण शरण सिंहने कहा- पीएम मोदी और सीएम योगी को ईमानदारी का सर्टिफ़िकेट दे रहा हूँ

लखनऊ। ग्राम स्वराज अभियान के तहत गांवों में चौपाल लगाने का सिलसिला जारी है। भाजपा सांसद, विधायक और मंत्री गांव-गांव जाकर लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने को प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही मोदी सरकार की उपलब्धियां बता रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा के कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने हलधरमऊ ब्लॉक में चौपाल लगाई। चौपाल के बाद पत्रकारों के सवाल पर कहा कि हमारे प्रधानमंत्री न खाते हैं न हमारे मुख्यमंत्री खाते है। हालांकि मंत्रियों के बारे में पूछने पर बोले कुछ नहीं कह सकता। सांसद ने कहा मैं पीएम मोदी और सीएम योगी को ईमानदारी का सर्टिफ़िकेट दे रहा हूं, मंत्रियों को नहीं। बृजभूषण शरण सिंहने कहा- पीएम मोदी और सीएम योगी को ईमानदारी का सर्टिफ़िकेट दे रहा हूँ

उल्लेखनीय है कि इन दिनों भाजपा का ग्राम स्वराज अभियान चल रहा है। यह अभियान मोदी सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में है। इसके तहत मंत्री, विधायक, सांसद, पूर्व विधायक व भाजपा के पदाधिकारी गांवों में जाकर चौपाल लगाते हैं। ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हैं। कार्याें का बखान भी करते हैं। आज बहराइच के फखरपुर ब्लॉक के अकबरपुर बुजुर्ग गांव में कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने चौपाल लगाई। जनता से सीधा संवाद कर केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। समस्याओं को भी सुना।

बहराइच के विश्वेश्वरगंज क्षेत्र के हरदाही में ग्रामीणों की चौपाल में पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी लोंगों के दुखदर्द से जुड़ने पहुंचे और उनको हर संभव राहत देने की कोशिश की। सीतापुर के ब्लॉक बेहटा क्षेत्र के ग्राम आंबा चौपाल में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनका शीघ्र निस्तारण कराए जाने का आश्वासन दिया। विधायक रोशन लाल वर्मा ने लखीमपुर के पतराजपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। तमाम ग्रामीणों विद्युत कटौती, आए दिन हो रहे फाल्ट, विधवा पेंशन आदि समस्याओं का विधायक से निराकरण कराने की मांग की। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही समस्याओं का निराकरण करवाया।

सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कानपुर के कल्याणपुर ब्लाक में लोगों के बीच जाकर समस्याएं सुनी और निराकरण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने लोगों से मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने को प्रेरित किया। विधायक रजनी तिवारी ने हरदोई के अल्लाहपुर तिराहा पर चौपाल लगाई। विधायक की चौपाल काफी संख्या में महिलाएं भी आईं। जिनसे उन्होंने केंद्रीय और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हरदोई के चौंसार गांव की रात्रि चौपाल में विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू और ग्रामीणों के मध्य आमने-सामने देर रात तक संवाद हुआ। 

Back to top button