जानें कब तक पूरा होगा आश्रम फ्लाईओवर का डीएनडी तक विस्तार का काम…

दिल्ली-नोएडा के बीच सफर करने वालों को अभी कुछ दिन और जाम से जूझना पड़ सकता है। आश्रम एक्सटेंशन फ्लाईओवर के काम में तय समय से लगभग 15 दिन की और देरी हो सकती है। मौजूदा समय में 15 फरवरी तक आश्रम के बंद फ्लाईओवर को खोला जाना था, लेकिन यहां बन रहे नए फ्लाईओवर का काम पूरा नहीं होने के चलते अब इसके 28 फरवरी तक खोलने की उम्मीद है।

आश्रम फ्लाईओवर का 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। लोक निर्माण विभाग द्वारा मुख्य सचिव को भेजी गई एक रिपोर्ट में कहा गया है कि आश्रम फ्लाईओवर का डीएनडी तक विस्तार का काम 28 फरवरी 2023 तक पूरा हो जाएगा। इसके बनने से आश्रम चौक और डीएनडी तथा आश्रम चौक से सराय काले खां की ओर आना-जाना आसान हो जाएगा।

परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर के पिलर और गर्डर संबंधी काम करीब 90 फीसदी पूरा हो चुका है। जो काम बचा है, उसे जल्द खत्म कर लिया जाएगा। इसके बाद फ्लाईओवर की सड़क, बिजली व दिशा सूचक चिह्न जैसे बचे काम पूरे किए जाएंगे। एहतियातन 14 अतिरिक्त दिन का समय लिया गया है।

फुल ड्रेस रिहर्सल के कारण जाम से जूझे लोग

वहीं, गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल और जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित रक्षा मंत्रालय के कार्यक्रम की वजह से सोमवार को कई इलाकों में जाम लगा। खासतौर से दक्षिण, पूर्वी, मध्य, उत्तरी और नई दिल्ली के अधिकांश इलाकों में जाम की समस्या देखने को मिली। हजारों वाहन चालक अलग-अलग इलाकों में फंसे रहे।

सोमवार को गणतंत्र दिवस की परेड सुबह लगभग 1030 बजे विजय चौक से शुरू हुई थी। यह परेड कर्तव्यपथ से होते हुए सी-हेक्सागन, तिलक मार्ग, आईटीओ, बहादुरशाह जफर मार्ग और सुभाष मार्ग के रास्ते लाल किले पर पहुंची। इस रूट पर सुबह लगभग 930 बजे से ही दोनों कैरिज-वे पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। इस कारण से आईटीओ चौक, दिल्ली गेट चौक, प्रगति मैदान, कनॉट प्लेस, मथुरा रोड, सराय काले खां, एनएच 24, डीएनडी, आश्रम चौक, बारापुला फ्लाईओवर आदि जगहों पर जाम की समस्या रही। यहां से वाहनों को निकलने में 30 से 40 मिनट तक का समय लगा।

रेड रूट के बंद होने की वजह से पूर्वी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से आने वाले वाहन चालकों के लिए नई दिल्ली एवं मध्य दिल्ली पहुंचना बेहद मुश्किल रहा। एक तरफ जहां कश्मीरी गेट होते हुए वाहन चालकों ने तीस हजारी कोर्ट, रानी झांसी फ्लाईओवर एवं झंडेवालान का रास्ता अपनाया तो दूसरी तरफ कुछ ने बारापुला या आश्रम का रास्ता अपनाया।

स्टेडियम के कार्यक्रम में हजारों लोग पहुंचे : रक्षा मंत्रालय के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुए कार्यक्रम में भी हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इसके चलते दक्षिण दिल्ली का ट्रैफिक काफी बाधित रहा। कार्यक्रम के चलते सुबह के समय लोधी रोड, डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, आश्रम चौक, मथुरा रोड, निजामुद्दीन आदि इलाके में जाम की समस्या रही।

आज भी होगा कार्यक्रम

रक्षा मंत्रालय का कार्यक्रम आज यानी मंगलवार को भी चलेगा। इसमें बड़ी संख्या में सेना के अधिकारियों के अलावा कई वीवीआईपी शामिल हो सकते हैं। इसके चलते सुबह 9 से 11 बजे और शाम को 7 से 9 बजे स्टेडियम के पास वाहन चालक जाम में फंस सकते हैं।

Back to top button