दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार से राहत मिलने की उम्मीद…

मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में सुबह और दोपहल के वक्त भीषण गर्मी तथा लू के थपेड़ों ने लोगों को काफी सताया। शाम को मौसम ने करवट ली और तेज हवाएं चलीं। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार से राहत मिलने की उम्मीद है। सुबह के वक्त दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मौसम सुहाना बना रहा और आसमान में काले बादल भी नजर आए थे। हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ा धूप भी खिलती गई। लोगों को गर्मी का ऐहसास हुआ है। इधर मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज कुछ जगहों पर हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने आज के दिन तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने यह येलो अलर्ट हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और नॉर्थ राजस्थान के लिए जारी किया है। विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तेज हवाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। विभाग ने लोगों से कहा है कि वो घरों में रहें तथा घरों की खिड़कियां औऱ दरवाजे बंद करेंगे। इसके अलावा विभाग ने पेड़ों के नीचे शेल्टर लेने वाले लोगों को भी आगाह किया है।

मौसम विभाग ने यह चेतावनी इसलिए दी है क्योंकि इरान और उसके आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ नजर आया है। इसके अलावा सेंट्रल पाकिस्तान में साइकोल्निक सर्कुलेशन भी विकसित हुआ है। जिसकी वजह से 23 मई से लेकर 26 मई तक कई क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां एक्यूआई मध्यम श्रेणी में है। सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 170 पर था। बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हवाएं 30-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। 

मौसम वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि बुधवार को दिल्ली में हल्की बारिश और धूल भरी आंधी देखने को मिल सकती है। गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और धूल भरी आंधी भी चल सकती है। कुछ क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं।  मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।  24 मई को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास दर्ज हो सकता है। 25 मई को भी बादल छाए रहने की संभावना है। इस दिन हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है। अधिकतम तापमान महज 36 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रह सकता है।

Back to top button