कांग्रेस में चल रहा गृह युद्ध, कुंजवाल बताएं किसने दिया ऑफर: BJP

देहरादून: भाजपा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल को चुनौती दी है कि वह बताएं कि उन्हें किसने विधायकों की सदस्यता बहाल करने के बदले सौ करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री पद का ऑफर दिया। 

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने कुंजवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उत्तराखंड काग्रेस में गृहयुद्ध चल रहा है और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल का भाजपा के खिलाफ दिया गया बयान भाजपा की आड़ में इस गृहयुद्ध में अपनी गिरती साख बचाने की कोशिश मात्र है। 

कुंजवाल ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस सरकार के समय कांग्रेस से अलग हुए विधायकों की सदस्यता बहाल रखने के लिए उन्हें सौ करोड़ रुपए व मुख्यमंत्री पद का ऑफर दिया गया था। इस पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. भसीन ने कहा कि भाजपा इस आरोप का स्पष्ट रूप से खंडन करती है। साथ ही कुंजवाल को चुनौती देती है कि वह बताएं कि उन्हें यह ऑफर किसने दिया था। 

उन्होंने कहा कि यदि वह यह नहीं बताते तो उन्हें प्रदेश की जनता व भाजपा से माफी मागनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सच यह है कि कांग्रेस के अंदर गृह युद्ध चल रहा है। इसी के चलते कुंजवाल ने काग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर दबाव बनाते हुए एक धमाका करने की धमकी दे डाली और यहां तक कह दिया कि वह विधानसभा सदस्यता से त्यागपत्र दे देंगे। 

बाद में वह अपने ही बयान में फंस गए और अब भाजपा पर आधारहीन आरोप लगाकर बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का उनसे यह भी सवाल है कि दो साल बाद वह अब क्यों बोल रहे हैं। डॉ. भसीन ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले ही कांग्रेस को नकार चूकी है और अब यह गृह युद्ध कांग्रेस को उत्तराखंड में पूरी तरह डुबो देगा।

Back to top button