यहां मना सकते हैं आप अपनी गर्मी की छुट्टीयां, करिए यात्रा की तैयारी

गर्मी की छुट्टियां आने वाली हैं और लोग अपनी गर्मी की छुट्टी को यादगार बनाने के लिए घूमने फिरने का प्लान बना रहे हैं। गर्मी के मौके पर हिल स्टेशन लोगों की पहली पसंद होते हैं। ऐसी स्थिति में ये जगहें आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकती हैं।यहां मना सकते हैं आप अपनी गर्मी की छुट्टीयां, करिए यात्रा की तैयारी

हम आपको बता रहे हैं भारत के उन बेहतरीन हिल स्टेशनों के बारे में, जहां जाकर आप जमकर मस्ती कर सकते हैं और इस साल की गर्मी की छुट्टी को यादगार बना सकते हैं…

1. मनाली

दिल्ली से लगभग 600 किलोमीटर की दूरी पर मनाली है। पहाड़ों के बीच में बसा मनाली अपनी खूबसूरती के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। हर साल लाखों सैलानी यहां आते हैं। दिल्ली, शिमला और चंडीगढ़ से मनाली के लिए हिमाचल परिवहन निगम की बसें चलती हैं। आप अपने निजी साधन से भी जा सकते हैं।

2. नैनीताल

उत्तराखंड में नैनीताल तीन ओर से घने पेड़ों की छाया में ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों के बीच समुद्रतल से 1938 मीटर की ऊंचाई पर बसा हुआ शहर है। वैसे तो नैनीताल अपनी झीलों के लिए मशहूर है। यहां पर चारों ओर खूबसूरती ही खूबसूरती है। साथ ही सैर-सपाटे के लिए इसके आसपास भी कई जगहें हैं।

3. दार्जिलिंग

दार्जिलिंग पश्चिम बंगाल में बसा बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है, जहां पर हर किसी को जाने का मन करता है। कहा जाता है कि पुराने और नए भवन का मेल इस शहर को सुंदर बनाता है। यहां पर दार्जिलिंग की चाय और टॉय ट्रेन काफी आकर्षक है। टॉय ट्रेन से आप पूरे दार्जिलिंग के खूबसूरत नजारों का लुत्फ उठा सकते हैं।

4. ऊटी

दक्षिण भारत के तमिलनाडु में नीलगिरि की पहाड़ियों में बसा ऊटी बेहद खूबसूरत पर्यटक स्थल है। कहते हैं वैसे तो यहां साल भर मौसम सुहाना बना रहता है। फिर भी लोग गर्मी के सीजन में जाने की कोशिश करते हैं। ऊटी में हॉर्स राइडिंग, माउंटेन बाइकिंग और ट्रेकिंग का मजा ले सकते हैं। ऊटी या ऊट कमंडलम पहुंचने के लिए कोयंबटूर निकटतम हवाई अड्डा है, जो ऊटी से 90 किलोमीटर दूर है। सड़क मार्ग से जाना चाहें तो यह तमिलनाडु और कोयंबटूर के सभी मार्ग से जुड़ा हुआ है।

5. शिलांग :

अगर आप नार्थ ईस्‍ट में जाना चाहते हैं तो शिलांग आपको जरूर पसंद आएगा। मेघालय अपने शांत और खूबसूरत रिजॉर्ट्स के लिए जाना जाता है। यहां की खूबसूरत, शांत और दूर तक फैली उमियाम झील का नजारा किसी स्वर्ग से कम नहीं लगता। नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के लोगों के लिए घूमने की पसंदीदा जगहों में से एक है। इसे स्कॉटलैंड ऑफ द ईस्ट के नाम से भी जाना जाता है।

6. रानीखेत :

उत्‍तराखंड के अल्‍मोड़ा जिले में बसा रानीखेत एडवेंचर्स पसंदीदा लोगों के लिए बेस्‍ट जगह है। इस फेमस हिल स्‍टेशन में छुट्टी बिताने का मजा ही कुछ और है। यहां आने वाले पर्यटक पैराग्‍लाइडिंग का खूब मजा लेते हैं। कहते हैं कि कुमाऊं के राजा सुखदेव की पत्नी पद्मावती को रानीखेत की खूबसूरती इतनी पसंद आई कि उन्होंने यहां रहने का निश्चय कर लिया था। तभी से इस जगह का नाम रानीखेत पड़ा।

7. कुन्‍नूर :

चाय के बागानों के लिए प्रसिद्ध तमिलनाडू का कुन्‍नुर हिल स्‍टेशन काफी खूबसूरत है। यह नीलगिरी की पहाड़ियों पर बसा है और ऊटी से 19 किमी दूर है। यहां का मौसम काफी सुहावना रहता है। यह फेमस हनीमून डेस्‍टिनेशन भी है।

8. नामिक रामगंगा वैली :

हिमालय की ऊंची और सुंदर वादियों के बीच छुट्टियां बिताने का प्लान बहुत ही इंटरेस्टिंग और एडवेंचरस है। यहां की नामिक-रामगंगा वैली जो नंदा देवी और त्रिशूल के बहुत सारे गांवों के बीच स्थित है, जो अपनी परंपराओं और कलाओं के लिए खासतौर पर जानी जाती है। यहां के मंदिरों की लोकप्रियता अच्छी-खासी है। रामगंगा नदी, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित है। यहां के चारों ओर के खूबसूरत नजारों को देखकर काफी आनंद मिलता है।

Back to top button