हैवान ब्रजेश ठाकुर को तो फांसी दे देनी चाहिए: तेजस्वी

 पटना। दिल्ली के जंतर-मंतर से बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह में हुए बच्चियों पर अत्याचार के खिलाफ राजद ने धरना का आयोजन किया है। धरने पर बैठने से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि इतनी बच्चियों से हैवानियत करने वाले ब्रजेश ठाकुर को तो फांसी पर लटका देना चाहिए। हैवान ब्रजेश ठाकुर को तो फांसी दे देनी चाहिए: तेजस्वी

उन्होंने बालिका गृह मामले पर कहा कि इसमें ब्रजेश ठाकुर को बचाने की कोशिश की गई। दो महीने पहले टिस संस्था कोशिश ने इसकी जानकारी दी थी। लेकिन, रिपोर्ट को बाल संरक्षण आयोग ने नजरअंदाज कर दो महीने का वक्त दिया। मामले को दबाने की कोशिश की गई क्योंकि ब्रजेश ठाकुर नीतीश कुमार जी का प्रिय है।  

तेजस्वी ने कहा कि एक लड़की जो इस मामले की मुख्य गवाह है उसे कांड का खुलासा होने के बाद मधुबनी बालिका गृह में रखा गया लेकिन वो वहां से गायब है। वो कहां है? इसकी जानकारी किसी को नहीं। यदि उसे मार दिया गया होगा तो इसका खुलासा कैसे होगा? हो सकता है उसकी हत्या हो गई हो। 

बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए तेजस्वी ने कहा कि पिछले एक साल में प्रदेश में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। राज्य के हर कोने में महिलाओं से दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ये चिंता का विषय है। बता दें कि आज राजद ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर बालिका गृह में हुए यौनशोषण के मामले को लेकर धरने का आयोजन किया है और तेजस्वी यादव ने इस धरने में शामिल होने के लिए सभी विपक्षी पार्टियों से अपील की है। 

Back to top button