Haryana Lok Sabha Election Result 2019 में हरियाणा में PM नरेंद्र मोदी के नाम की जमकर चली आंधी

Haryana Lok Sabha Election Result 2019 में हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की जमकर आंधी चली। पहली बार बिना गठबंधन खुद के बूते चुनावी रण में उतरी भाजपा राज्य की सभी दस लोकसभा सीटों पर प्रचंड बहुमत से कमल खिलाने में कामयाब रही। रोहतक लोकसभा सीट पर भाजपा को जीत में थोड़ी मुश्किल आई, लेकिन बाकी सीटों पर मोदी के नाम की आंधी में कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों के उम्मीदवार भाजपा के आसपास भी नहीं ठहर सके। भाजपा रोहतक, हिसार और सिरसा में आज तक कमल नहीं खिला सकी थी, लेकिन इस बार उसने इन तीनों सीटों पर दमदार जीत हासिल कर हुड्डा, चौटाला और भजनलाल के गढ़ भेदने में सफलता हासिल की। रोहतक सीट को लेकर तड़के तक पेेंच फंसा रहा। तड़के अरविंद शर्मा को विजयी घोषित कर दिया गया।

हरियाणा में सिर्फ और सिर्फ मोदी फैक्टर चला। दस साल तक सूबे के मुख्यमंत्री रहे चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत में और उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक में चुनाव हार गए। आठ लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने तीन लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की, जबकि पांच निवर्तमान सांसदों ने अपनी खुद की जीत का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा।

कांग्रेस के तमाम दिग्गज कु. सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, चौ. निर्मल सिंह, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी और पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना लोकसभा चुनाव हार गए। दीपेंद्र सिंह हुड्डा और अरविंद शर्मा के बीच रोहतक में कांटे की टक्कर आखिर तक चली, लेकिन आखिर में दीपेंद्र 7503 मतों के अंतर से हार गए। 

इनेलो विधायक दल के नेता अभय चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला समेत पार्टी के तमाम उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। अर्जुन चौटाला कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ रहे थे। जननायक जनता पार्टी के हिसार से निवर्तमान सांसद दुष्यंत चौटाला भी चुनाव हार गए। जजपा-आप गठबंधन में दुष्यंत एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिनकी जमानत बच पाई है। 

दोनों केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत व कृष्णपाल गुर्जर समेत भाजपा के पांचों निवर्तमान सांसद चुनाव जीतने में कामयाब रहे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सोनीपत में भाजपा के दूसरी बार सांसद बने रमेश कौशिक ने एक लाख 64 हजार 864 मतों के अंतर से चुनाव हरा दिया। हुड्डा की हार भाजपा के लिए बड़ी सफलता है।

नारनौल के आजाद चौक में जीत के जश्न में सराबोर हुए भाजपा कार्यकर्ता।

अंबाला में कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कु. सैलजा भाजपा के तीसरी बार सांसद बने रतनलाल कटारिया से तीन लाख 38 हजार 497 मतों के अंतर से चुनाव हार गई हैं। गांधी परिवार की करीबी सैलजा केंद्रीय मंत्री भी रही हैं और पार्टी का बड़ा चेहरा हैं। सिरसा में कांग्रेस के प्रदेश प्रधान डा. अशोक तंवर भाजपा की सुनीता दुग्गल से तीन लाख नौ हजार 918 मतों के अंतर से चुनाव हार गए। सुनीता दुग्गल भाजपा के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़ी और जीत गई। उन्होंने रतिया से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन चार सौ मतों के मामूली अंतर से पराजित हो गई थी। उनके पति राजेश दुग्गल आइपीएस अधिकारी हैं और खुद सुनीता ने आइआरएस अधिकारी के पद से वीआरएस ले रखी है। सिरसा में इनेलो के निवर्तमान सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी भी चुनाव हार गए हैं।

भिवानी-महेंद्रगढ़ में पूर्व सीएम बंसीलाल की पौत्री एवं कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी भाजपा के धर्मबीर सिंह से चार लाख 35 हजार 262 मतों के भारी अंतर से चुनाव हारी हैं। धर्मबीर भिवानी से लगातार दूसरी बार सांसद बने हैं। फरीदाबाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर कांग्रेस के अवतार सिंह भड़ाना और आप-जजपा गठबंधन के नवीन जयहिंद से छह लाख 17 हजार 909 मतों के अंतर से चुनाव जीते हैं। गुर्जर पिछले 2014 के चुनाव में चार लाख 66 हजार 873 मतों के अंतर से जीते थे। इस बार उन्होंने खुद अपना रिकार्ड तोड़ा है। 

गुडग़ांव में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत भी चुनाव जीत गए हैं। यहां उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव को तीन लाख 86 हजार 256 मतों के भारी अंतर से चुनाव हराया है। कैप्टन अजय यादव राजद नेता लालू यादव के समधि हैं और उन्हें हुड्डा विरोधी खेमे का माना जाता है। हिसार में केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के आइएएस बेटे बृजेंद्र सिंह चुनाव जीत गए हैं। यह उनका पहला चुनाव था। बृजेंद्र सिंह ने यहां जजपा के निवर्तमान सांसद दुष्यंत चौटाला और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को तीन लाख 14 हजार 526 मतों के भारी अंतर से चुनाव हराया है। 

करनाल में भाजपा के संजय भाटिया छह लाख 56 हजार 142 मतों के भारी अंतर से चुनाव जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा को बुरी तरह से पराजित किया है। भाटिया मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विश्वासपात्र हैं। कुरुक्षेत्र में मनोहर सरकार में राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मंत्री निर्मल सिंह को तीन लाख 84 हजार 591 मतों के भारी अंतर से चुनाव हराया है।

सोनीपत से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह हुड्डा और भाजपा प्रत्याशी रमेश कौशिक एक-दूसरे से मुलाकात करते हुए।

लालों का कोई लाल नहीं जा सकेगा संसद 

हरियाणा के रण में ताल ठोंक रहे लालों का कोई लाल इस बार लोकसभा नहीं जा सकेगा। ताऊ देवीलाल के पड़पोते अर्जुन सिंह चौटाला कुरुक्षेत्र में, दुष्यंत सिंह चौटाला हिसार में और दिग्विजय सिंह चौटाला सोनीपत में चुनाव हार गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पौत्री श्रुति चौधरी भिवानी में चुनाव हार गई हैं। पूर्व सीएम भजनलाल के पोते भव्य बिश्नोई हिसार में चुनाव हारे हैं। 

इनके सिर सजा ताज

अंबाला 

रतनलाल कटारिया – भाजपा – 

जीत का अंतर तीन लाख 38 हजार 497  

कांग्रेस की कु. सैलजा को हराया 

भिवानी-महेंद्रगढ़ 

धर्मबीर सिंह – भाजपा – 

जीत का अंतर चार लाख 35 हजार 262 –  

कांग्रेस की श्रुति चौधरी को हराया 

फरीदाबाद 

कृष्णपाल गुर्जर – भाजपा – 

जीत का अंतर छह लाख 17 हजार 909  

कांग्रेस के अवतार भड़ाना व आप-जजपा गठबंधन के नवीन जयहिंद को हराया 

गुडग़ांव

राव इंद्रजीत – भाजपा 

जीत का अंतर तीन लाख 86 हजार 256  – कांग्रेस के कैप्टन अजय यादव को हराया 

हिसार 

बृजेंद्र सिंह – भाजपा – 

जीत का अंतर तीन लाख 14 हजार 526 – 

जजपा-आप गठबंधन के दुष्यंत चौटाला व कांग्रेस के भव्य बिश्नोई को हराया 

करनाल 

संजय भाटिया – भाजपा

जीत का अंतर छह लाख 56 हजार 142  –

कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को हराया 

कुरुक्षेत्र 

नायब सिंह सैनी – भाजपा

जीत का अंतर तीन लाख 84 हजार 591  

कांग्रेस के निर्मल सिंह व इनेलो के अर्जुन चौटाला को हराया 

रोहतक  

डा. अरविंद शर्मा – भाजपा 

जीत का अंतर 7503 मत – कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा को हराया 

सिरसा 

सुनीता दुग्गल – भाजपा

जीत का अंतर तीन लाख 9 हजार 918 – 

कांग्रेस के डा. अशोक तंवर व इनेलो के चरणजीत सिंह रोड़ी को हराया 

सोनीपत  

रमेश चंद्र कौशिक – भाजपा-

जीत का अंतर एक लाख 64 हजार 864 – कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा को हराया

सिरसा भाजपा कार्यालय में ख़ुशी मनाते कार्यकर्ता।

हरियाणा के चुनावी रण में बड़े महारथियों का प्रदर्शन

मोदी सरकार के दो मंत्री 

  •  कृष्णपाल गुर्जर (फरीदाबाद) जीते।
  • राव इंद्रजीत सिंह (गुरुग्राम) जीते। 

वर्तमान छह सांसदों का रिजल्ट 

  • दुष्यंत चौटाला (हिसार) : हारे
  • दीपेंद्र हुड्डा (रोहतक) : हारे
  • चरणजीत सिंह रोड़ी (सिरसा) : हारे
  • धर्मबीर सिंह (भिवानी-महेंद्रगढ़) : जीते
  • रतन लाल कटारिया (अंबाला) : जीते
  • रमेश कौशिक (सोनीपत) : जीते

पूर्व मुख्यमंत्री 

  •  भूपेंद्र सिंह हुड्डा (सोनीपत) : हारे

राज्यमंत्री

  • नायब सिंह सैनी (कुरुक्षेत्र) : जीते

विधायक

  • कुलदीप शर्मा (करनाल) : हारे

पांच पूर्व सांसद

  • श्रुति चौधरी (भिवानी-महेंद्रगढ़) : हारीं
  • कुमारी सैलजा (अंबाला) : हारीं
  • अवतार सिंह भड़ाना (फरीदाबाद) : हारे
  • डॉ. अरविंद शर्मा (रोहतक) : जीते
  • डॉ. अशोक तंवर (सिरसा) : हारे     

दो पूर्व मंत्री 

  • कैप्टन अजय सिंह यादव (गुरुग्राम)  हारे
  • निर्मल सिंह (कुरुक्षेत्र)  हारेसिरसा में भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल की बेटी निविया नाचकर जीत का जश्न मनाती हुईं। 

    Haryana Lok Sabha Election Result 2019 LIVE Updates:

    5.20 pm: रोहतक लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र सिंह हुड्डा फिर भाजपा के प्रत्याशी अरविंद शर्मा से लगभग छह हजार मतों से पीछे हो गए हैं।

    5.10 pm: रोहतक लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के प्रत्याशी अरविंद शर्मा से 11415 मतों से आगे हो गए हैं। इसे काफी बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। 

    4.02 pm: रोहतक लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने बढ़त बना ली है। दीपेंद्र हुड्डा भाजपा के प्रत्याशी अरविंद शर्मा से 1969 मतों से आगे हो गए हैं। इसे काफी बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।

    3.30 pm : सीएम मनोहर लाल ने कहा, नरेंद्र मोदी के नाम से चुनाव लड़ा गया,अमित शाह का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा

    3.20 pm : जीत से भाजपा उत्साहित। पत्रकारोंं से बातचीत में मनोहर लाल ने कहा, दस की दस सीटों पर जीत हासिल की है सबसे महत्वपूर्ण जीत रोहतक व सोनीपत की जीत है।

    2.50 pm : अंबाला सीट पर भाजपा के रतनलाल कटारिया कांग्रेस की कुमारी सैलजा से 243135 वोट से आगे

    2.45 pm : फरीदाबाद सीट पर भाजपा के कृष्णपाल गुर्जर कांग्रेस के अवतार भड़ाना से 354334 वोट से आगे

    2.40 pm : गुरुग्राम सीट पर भाजपा के राव इंद्रजीत कांग्रेस के अजय यादव से 334252 वोट से आगे

    2.37 pm : करनाल सीट पर भाजपा के संजय भाटिया कांग्रेस के कुलदीप शर्मा से 564040 वोट से आगे

    2.35 pm : सिरसा सीट पर भाजपा की सुनीता दुग्गल कांग्रेस के अशोक तंवर से 205252 वोट से आगे

    2.15 pm : हिसार से भाजपा के बृजेन्द्र सिंह जजपा के दुष्यंत से 276401 वोट से आगे

    2.00 pm : सोनीपत से भाजपा के रमेश कौशिक कांग्रेस के भूपेंद्र हुड्डा से 164581 वोट से आगे

    1.45 pm : भिवानी से भाजपा के धर्मबीर सिंह कांग्रेस की श्रुती चौधरी से 381291 वोट से आगे

    1.40 pm : रोहतक से भाजपा के अरविंद शर्मा कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा से 15056 वोट से आगे

     1.35 pm : कुरुक्षेत्र में भाजपा के नायब सैनी कांग्रेस के निर्मल सिंह से 324995 वोट से आगे

    1.32 pm : जींद में भूपेंद्र सिंंह हुड्डा ने कहा, ये प्रजातंत्र है। जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं। ईवीएम पर अभी भी सवाल है।

    1.21 pm : भिवानी महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार धर्मवीर सिंह 251526 वोटों से आगे चल रहे हैं।

    1.15 pm : फ़रीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर कांग्रेस के अवतार सिंह भड़ाना से 3,38,921 मतों से आगे चल रहे हैं। अब तक 4,66,505 मतों की गिनती हो चुकी है।

    1.03 pm : लोकसभा कुरुक्षेत्र सीट पर भाजपा ने पिछले लोकसभा का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। 2014 में राजकुमार सैनी को करीब 4 लाख 18 हजार 700 वोट मिले थे। अभी तक 11 राउंड में भाजपा के नायब सैनी को 448650 वोट मिल चुके हैं।

    12.49 pm : हरियाणा की सभी दस लोकसभा सीटों पर भाजपा आगे। रोहतक में अब भाजपा आगे हुई। यहां कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा पांच हजार वोटों से आगे चल रहे थे, लेकिन अब भाजपा के डा. अरविंद शर्मा नौ हजार 114 मतों से आगे हो गए हैं। 

    12.35 pm अंबाला सीट पर रतन लाल कटारिया को 17629, सैलजा को 14413, बीएसपी के नरेश सारण को 3722 वोट मिले।

    12.00 pm गुरुग्राम में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत कांग्रेस के कैप्टन अजय यादव से एक लाख 30 हजार मतों से आगे चल रहे हैं।

    11.40 am भिवानी में भाजपा के धर्मबीर सिंह कांग्रेस की श्रुति चौधरी से एक लाख 25 हजार मतों से आगे हैं। 

    11.25 am हरियाणा की छह लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवार एक लाख वोटों से आगे चल रहे हैं।

    11.15 am रोहतक में 1563 वोट से दीपेंद्र सिंह हुड्डा आगे। भाजपा के अरविंद शर्मा पीछे।

    10.53 am: हरियाणा की सबसे हॉट सीट सोनीपत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भारतीय जनता पार्टी के रमेश कौशिक से 39035 वोटों से पीछे चल रहे हैं

    10.45 am: फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के कृष्ण पाल गुर्जर कांग्रेस के अवतार सिंह भड़ाना से 40269 वोटों से आगे।

    10.31 am: रोहतक लोकसभा सीट पर भाजपा के डा. अरविंद शर्मा फिर आगे हो गए हैं। 

    10.21 am: हरियाणा की रोहतक लोकसभा सीट पर दीपेंद्र सिंह हुड्डा फिर भाजपा के अरविंद शर्मा से 2557 मतोंं से आगे हुए। 

    10.12 am: रोहतक में भाजपा के डा. अरविंद शर्मा और कांग्रेस के दीपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच कड़ा मुकाबला है। यहां अरविंद शर्मा 2055 मतों से आगे हो गए हैं। 

    10.00 am: अंबाला सीट पर रतनलाल कटारिया 15758 वोटों से आगे

    10.00 am: अंबाला सीट पर रतनलाल कटारिया 15758 वोटों से आगे

    9.51 am: हरियाणा में रोहतक लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस की दीपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के डॉ. अरविंद शर्मा से 1896 मतों से आगे।

    9.45 am: अंबाला लोकसभा की नौ विस में रतनलाल कटारिया 40190, कुमारी सैलजा 30744 वोट मिले।

    9.43 am: कुरुक्षेत्र से भाजपा की लीड तीसरे राउंड में 25679 की हो चुकी है। भाजपा के नायब सैनी को 45903 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के निर्मल सिंह को 20224 मत मिले।

    9.40 am: सिरसा में तीन राउंड के बाद भाजपा आगे चल रही है। कांग्रेस के अशोक तंवर को 28443 तथा भारतीय जनता पार्टी के सुनीता दुग्गल को 36 219 मत प्राप्त हुए हैं। इनेलो के चरणजीत सिंह रोड़ी को 5000 के करीब मत प्राप्त हुए हैं।

    9.34 am: भाजपा ने सभी दस सीटों पर बढ़त बनाई।

    9.26 am: हिसार में भाजपा के बृजेंद्र सिंह फिर हो गए हैैं।

    9.23 am: सोनीपत लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पीछे हो गए हैं।

    9.18 am: ताऊ देवीलाल के पड़पोते दुष्यंत चौटाला ने कैबिनेट मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे और भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह पर 538 मतों की बढ़त बना ली है।

    9.07 am: कुरुक्षेत्र: पिहोवा और थानेसर से पहले राउंड में बीजेपी आगे।

    9.02 am: हरियाणा की हिसार लोकसभा सीट पर भाजपा के बृजेंद्र सिंह आगे। केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं बृजेंद्र सिंह। यहां ताऊ देवीलाल के पड़पोते दुष्यंत चौटाला भी लड़ रहे चुनाव। 

    8.56 am: सिरसा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिरसा विधानसभा के प्रथम राउंड की गिनती पूरी हो गई है। यहां कांग्रेस के अशोक तंवर को 3900 तथा भाजपा की सुनीता दुग्गल को 6200 मत प्राप्त हुए हैं।

    8.50 am: अंबाला लोकसभा सीट के लिए कालका विधानसभा क्षेत्र की पहली राउंड की गणना में में सभी 14 टेबल्स में बीजेपी के रतन लाल कटारिया आगे। 

    8.37 am: गुडगांव सीट पर भाजपा के राव इंद्रजीत आगे।

    8.30 am: अंबाला लोकसभा क्षेत्र से रुझान मिला। दो बूथ की गिनती के बाद कांग्रेस की कुमारी सैलजा एक वोट से आगे।

    8.25 am: हिसार से भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह, इनेलो प्रत्याशी सुरेश कौंथ, कांग्रेस प्रत्याशी भव्य विश्नोई व जेजेपी प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला मतगणना स्थल पर पहुंचे। 

    8.13 am: नारनौल के पीआर सेंटर में इनेलो प्रत्याशी स्वाति यादव को अंदर जाने से रोका। स्वाति ने डीएसपी पर लगाया बीजेपी कार्यकर्ता जैसा व्यवहार करने का आरोप। 

    8.12 am: सिरसा में भाजपा उम्मीदवार सुनीता दुग्गल एवं जननायक जनता पार्टी के प्रत्याशी निर्मल सिंह मलडी सिरसा के चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय में बनाए गए काउंटिंग सेंटर में पहुंचे।

    8.00 am: इंतजार खत्म कई केंद्रों पर मतगणना शुरू। सबसे पहले  कर्मचारियों के वोटों की गिनती होगी।

    कैथल में मतगणना केंद्र के बाहर तैनात पुलिस।

    मनोहर लाल के नेतृत्व में लगातार तीसरी बड़ी जीत 

    हरियाणा में उत्तर से लेकर दक्षिण हरियाणा तक पूरे प्रदेश में मोदी का जलवा दिखाई पड़ रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा ने लगातार तीसरी बड़ी हासिल की है। सबसे पहले पांच नगर निगम, फिर जींद उपचुनाव और अब दस लोकसभा सीटों पर भाजपा जीत की ओर अग्रसर हो रही है। मुखर्‍यमंत्री मनोहर लाल द्वारा पारदर्शिता के साथ दी गई नौकरियां भी इस जीत में बड़ी कारण बनकर सामने आई हैं। 

    करनाल के संजय भाटिया ने तोड़ा रिकार्ड, छह लाख मतों से आगे   

    करनाल लोकसभा सीट से पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ने वाले भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया ने देश की अब तक का सबसे बड़ी जीत का रिकार्ड तोड़ दिया है। उन्होंने पिछले चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बनाए गए जीत के रिकार्ड को भी पीछे छोड़ दिया। संजय भाटिया ने कांग्रेस के कुलदीप शर्मा से 6 लाख 56 हजार 142 मतों से हराया। 

    सुरक्षा कड़ी

    सुरक्षा और गोपनीयता के मद्देनजर मतगणना कर्मियों को आधे घंटे पहले ही बताया गया कि उन्हें किस विधानसभा क्षेत्र की कौन-सी टेबल की मतगणना करनी है। सबसे पहले इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटिड पोस्ट बैलेट सिस्टम (ईटीबीपीएस) की गणना हुई। प्रदेश में कुल 1 लाख 5 हजार 859 सर्विस वोटर हैं जिनके पोस्टल बैलेट के साथ मतगणना का आगाज हुआ। इस बार भिवानी-महेंद्रगढ़ और रोहतक लोकसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पोस्टल बैलेट प्राप्त हुए हैं।

    हर विधानसभा क्षेत्र के पांच मतदान केंद्रों की वीवीपैट मशीनों की वोटर स्लिप की गणना मैन्युअली की जाएगी। 450 वीवीपैट और EVM के मिलान के बाद ही फाइनल नतीजे घोषित किए जाएंगे। अमूमन दो-तीन घंटों में पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी होती है जिसके बाद ही EVM के वोटों की गिनती शुरू होती है।

    हर विवाद से निपटने का इंतजाम

    EVM को लेकर छिड़ी बहस के मद्देनजर इन मशीनों की सुरक्षा को लेकर स्ट्रांग रूम में जबरदस्त व्यवस्था की गई हैं। अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सारी मतगणना हो रही है। मतगणना की एक टेबल पर चार सुरक्षाकर्मी, एक माइक्रो पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक, एक चतुर्थ श्रेणी का मतगणना सहायक, एक रिटर्निंग अधिकारी व राजनीतिक दलों के पोलिंग एजेंट मौजूद हैं।

    ऐसे होती है वोटों की गिनती

    पोस्टल बैलट की गिनती के 30 मिनट बाद EVM को लाया जाता है। मतगणनाकर्मी और प्रत्याशी के एजेंट EVM को खोले जाने से पहले उसकी जांच करते हैं। इसके बाद EVM को ऑन कर टोटल नंबर वाले बटन यानी रिजल्ट बटन की सील हटाई जाती है। यह सील हटाने के लिए एक खास चाकू होता है, जिससे इन्हें हटाया जाता है। रिजल्ट बटन दबाते ही हर EVM में सभी प्रत्याशियों को मिले वोटों की संख्या सामने आ जाती है। एक राउंड की गिनती होने के बाद EVM को फिर से सील कर दिया जाता है।

    दो उम्मीदवारों को बराबर वोट मिले तो फैसला ड्रा से

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि नोटा (इनमें से कोई नहीं) का वोट मान्य नहीं होता। इसलिए नोटा का अधिक वोट मिलने की स्थिति में फिर से मतदान नहीं होता। सबसे अधिक वोट प्राप्त करने वाले उम्मीदवार को विजयी घोषित किया जाता है। यदि दो उम्मीदवारों को बराबर-बराबर वोट मिलते हैं तो उस स्थिति में ड्रा ऑफ लोटस के जरिये परिणाम घोषित किया जाता है।

    संवेदनशील सात जिलों में अतिरिक्त सुरक्षा

    पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने कहा कि संवेदनशील रोहतक, सोनीपत, झज्जर, भिवानी, सिरसा और हिसार जिलों में चुनाव परिणामों के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बलों की दस अतिरिक्त कंपनियां मिली हैं। पूरे प्रदेश में घोड़ा पुलिस तैनात की गई है। अगर कोई कानून व्यवस्था को बिगाडऩे या मतगणना को बाधित करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देकर जनमत का सम्मान करें।

Back to top button