हरियाणा: पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों पर चौटाला ने सरकार को घेरा

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने पर भाजपा सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सरकार आए दिन दाम बढ़ा रही है, उससे लगता है कि जनता को परेशान करने में ही भाजपा को सुख मिलता है।हरियाणा: पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों पर चौटाला ने सरकार को घेरा

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 के आम चुनाव में भाजपा ने तेल के बढ़ते दामों को मुद्दा बनाकर जनमत हासिल किया था। मगर सत्ता हासिल करने के बाद भाजपा खुद अब तक दस बार पेट्रोल व डीजल के दामों में वृद्धि कर चुकी है। यह जनता के साथ विश्वासघात है। भाजपा ने सत्ता में आने के लिए झूठ का सहारा लिया। अन्यथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब कच्चे तेल के दाम कम हैैं तो इसका फायदा देश की जनता को क्यों नहीं दिया जा रहा है।

 अभय चौटाला ने कहा कि मई 2014 में कच्चे तेल की कीमत 106 डॉलर प्रति बैरल थी। तब पेट्रोल के रेट 71.41 रुपये और डीजल के रेट 55.49 रुपये प्रति लीटर थे। आज कच्चा तेल 76.64 डॉलर प्रति बैरल के हिसाब से मिल रहा है, लेकिन फिर भी रेट कम नहीं किए गए हैैं। उन्होंने कहा कि सरकार का काम जनता को लूटकर सरकारी खजाना भरना नहीं होता, बल्कि सरकारी सहायता से जनता को राहत देना होता है।

 
Back to top button