Gurgaon Lok Sabha Results 2019: भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह की जीत लगभग तय

 गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह की जीत लगभग तय है। मतगणना में लगातार पिछड़ते जाने के कारण कांग्रेस के कैप्टन अजय सिंह यादव के समर्थकों में मायूसी छा गई है। गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र के रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र की छह राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। छठे राउंड तक भाजपा के राव इंद्रजीत सिंह निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के कैप्टन अजय सिंह यादव से 17 हजार 723 वोटों से आगे हैं। छठे राउंड में राव इंद्रजीत सिंह को 6941, कैप्टन अजय सिंह को 2106 वोट मिले। इस राउंड में भाजपा को 4835 वोटों से बढ़त मिली।

बावल विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के नौ राउंड पूरे हो चुके हैं। इस राउंड की समाप्ति तक भाजपा को 50 हजार 95 वोटों की बढ़त मिली है। नौवें राउंड में भाजपा को 7429 व कांग्रेस को 1014 मत मिले। इस राउंड में भाजपा को कुल 6415 वोटों की बढ़त मिली है। रेवाड़ी व बावल दोनों विधानसभा क्षेत्रों से राव पहले राउंड से ही बढ़त बनाए हुए है। रेवाड़ी की मतगणना में राव का खाता 5654 वोटों से खुला जबकि कांग्रेस के कप्तान अजय सिंह मात्र 1426 मत ही हासिल कर पाए। राव की यह बढ़त दूसरे राउंड में और ज्यादा हो गई। इस राउंड में भाजपा को 6391 मत मिले जबकि कांग्रेस को मात्र 1694 मतों पर संतोष करना पड़ा। तीसरे राउंड में आकर कांग्रेस की स्थिति थोड़ी सुधरी, लेकिन चौथे राउंड आते-आते बरकरार नहीं रह पाई। इस राउंड में राव इंद्रजीत सिंह को 5562 तथा कांग्रेस के कप्तान अजय सिंह को 2763 मत मिले।

बावल विधानसभा क्षेत्र से कैप्टन अजय सिंह को खासी उम्मीद थी, लेकिन यह उम्मीद भी मोदी की सुनामी में काफूर हो गई। बावल विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के पहले राउंड से ही कांग्रेस बढ़त नहीं बना पाई। पहले राउंड में भाजपा को सात हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त मिली जो आठ राउंड पूरे होने तक बराकरार थी। पहले राउंड में भाजपा को 8212 व कप्तान अजय सिंह को 1190 मत मिले।

दूसरे राउंड में भाजपा ने बढ़त बरकरार रखी। इस राउंड में भाजपा को 6166 और कांग्रेस को मात्र 1005 वोट मिले। तीसरे राउंड में भी कांग्रेस उबर नहीं पाई। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी लगातार अपनी बढ़त को कायम रखे रहे। तीसरे राउंड में भाजपा को 5594 मत मिले जबकि कांग्रेस इस राउंड में मात्र 1467 मत प्राप्त कर सकी। बावल क्षेत्र के नौ राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। अभी तक भाजपा 50 हजार 95 मतों की बढ़त बनाए हुए है।

गुड़गांव लोकसभा सीट के अंतर्गत 9 विधानसभा सीटें आती हैं, जिनमें बावल, रेवाड़ी, पटौदी, बादशाहपुर, गुड़गांव, सोहना, नूह, फ़िरोजपुर झिरका और पुनहाना शामिल हैं। यहां पर भाजपा (Bhartiya Janta Party) से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कांग्रेस (Congress) से कैप्टन अजय सिंह यादव मैदान में है।

बता दें कि 2014 में हुए चुनाव में BJP के इंद्रजीत सिंह राव ने जीत हासिल की थी और उन्हें 6,44,780 वोट मिले और 3,70,058 वोट पाकर दूसरे पायदान पर हरियाणा लोकदल (राष्ट्रीय) के ज़ाकिर हुसैन रहे थे।

गुड़गांव लोकसभा की रेवाड़ी व बावल विधानसभा क्षेत्र की गिनती के लिए राजकीय महिला महाविद्यालय में मतगणना केंद्र बनाया गया है, जबकि कोसली विधानसभा क्षेत्र की गिनती जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में होगी। गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र से कुल 24 उम्मीदवार मैदान में है। मुख्य मुकाबला भाजपा के राव इंद्रजीत सिंह व कांग्रेस के कैप्टन अजय सिंह यादव के बीच है। यहां भाजपा के पक्ष में आसान लड़ाई मानी जा रही है। रोहतक लोकसभा क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भाजपा के डॉ अरविंद शर्मा व कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा के बीच है। यहां कोसली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की बड़ी बढ़त मानी जा रही है, लेकिन ओवरऑल दोनों के बीच कड़ी टक्कर है। सबसे पहले 8:00 बजे डाक मतपत्रों की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम की पिटारी खुलनी शुरू होगी। मतदान केंद्रों पर सूचनाएं सांझा करने/अग्रसारित करने के लिए मीडिया सेंटर बनाए गए हैं।

Back to top button