उत्तराखंड के रामगढ़ में मुंडन संस्कार के दौरान 11 वर्षीय बालक को उठा ले गया गुलदार

नैनीताल: जिले के रामगढ़  ब्लॉक में सूपी गांव के काफली तोक के लमिधार में 11 वर्षीय बच्चे को गुलदार ने निवाला बना दिया। घर में मुंडन संस्कार चल रहा था और परिजनों को तब घटना का पता तक नहीं चला। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत है। 

लमिधार निवासी कक्षा छह में पढ़ने वाले हिमांशु बिष्ट पुत्र लाल सिंह के बड़े भाई का कल मुंडन संस्कार था। आयोजन घर से कुछ दूर पर अलग मकान में था। तभी एकाएक हिमांशु गायब हो गया। इस दौरान सभी ने समझा कि वह दूसरे मकान में होगा। इसलिए उसकी खोज भी नहीं की। कार्यक्रम निपटने के बाद भी जब वह देर शाम तक नजर नहीं आया तो उसकी खोजबीन शुरू हुई। 

रातभर उसे जंगल मे तलाशा गया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह जंगल मे उसका अधखाया शव बरामद कर लिया गया। सूचना पर राजस्व पुलिस और वन विभाग के कर्मी भी गांव पहुंच गए। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग को गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

Back to top button