चार साल से बिना एजेंडा के ही चल रही भाजपा सरकार: सुरजेवाला

पूंडरी (कैथल)। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व कैथल से विधायक रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि चार साल बाद भी सरकार बिना एजेंडे के ही चल रही है और भाजपा सरकार यू टर्न की सरकार है। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल तो अपने ही दिए बयानों को वापस लेने में माहिर हैं। सुरजेवाला यहां पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुल्तान सिंह जडौला द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।चार साल से बिना एजेंडा के ही चल रही भाजपा सरकार: सुरजेवाला

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले 10 हजार अस्थायी कर्मचारियों को हटाने के आदेश देते हैं और विरोध करने पर अगले दिन आदेश वापस ले लेते हैं। वहीं कर्मचारियों को भत्ते नहीं देने के आदेश देते हैं और विरोध होने पर उसे भी वापस ले लेते हैं। सरपंचों को ई-टेंडरिंग के माध्यम से काम के आदेश देते हैं और फिर वापस ले लेते हैं। भाजपा में भ्रष्टाचार का बोलबाला है, और युवा रोजगार के लिए भटक रहा है।

इससे पूर्व रणदीप सुरजेवाला का कार्यक्रम में पहुंचने पर सुल्तान सिंह जडौला ने फूलों का हार डालकर स्वागत किया। सम्मेलन को पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य, पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, बिल्लू चंदाना, रामचंद्र गुर्जर, कविराज शर्मा, रणधीर सिंह राणा, धर्मबीर कौलेखां, नरेश पाई व सुरेश यूनिसपुर ने भी संबोधित किया।

सुरजेवाला ने कार्यकर्ताओं से मांगी चार जिलों की सभी विस सीटें

सुरजेवाला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, करनाल की सभी सीटें मेरी झोली में डाल दें उसके बाद सत्ता आपकी चौखट पर लाकर रख दूंगा। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इनेलो भाजपा की बी टीम है। आगामी चुनाव में दोनों मिलकर चुनाव लड़ें तब भी 20 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएंगी।

Back to top button