पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने कहा- महागठबंधन में PM कैंडिडेट नहीं, चुनाव बाद तय होगा नाम

मुजफ्फरपुर। लोकतांत्रिक जनता दल के अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने कहा कि 2019 का चुनाव भ्रष्टाचार, कालाधन और किसानों के सवालों पर लड़ा जाएगा। महागठबंधन में कोई प्रधानमंत्री (पीएम) कैंडिडेट नहीं होगा। लाेकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री का नाम तय किया जाएगा। चुनाव के बाद ताकत के हिसाब से नाम तय होगा। ऐसा पूर्व में भी होता रहा है। 

शरद यादव साझी विरासत बचाओ, संविधान बचाओ यात्रा के लिए शिवहर जाने के दौरान रविवार को मुजफ्फरपुर में थे। उन्होंने कहा कि बिहार में विधि व्यवस्था पूरी तरह से फेल है। सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। 

गुजरात से पलायन रोकने में सरकार फेल 
शरद ने कहा कि गुजरात से हो रहे पलायन पर केंद्र सरकार को जवाब देना होगा। गुजरात में भाजपा की सरकार है। वहां बिहारियों व उत्तर प्रदेश के लोगों के साथ मारपीट हो रही है। उनकी हत्याएं हो रहीं हैं। सरकार कुछ नहीं कर रही है। गुजरात सरकार व भाजपा नेता एक विधायक का नाम लेकर पूरे मामले को उलझाने का काम कर रहे हैं। 

मोदी ने तोड़ा वादा, नीतीश ने दिया धोखा 
शरद ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने जो वादे किए, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। महंगाई आसमान छूती जा रही है। रोजाना पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ रहीं हैं। तेल के नाम पर सरकार आम आदमी का खजाना लूट रही है। इससे आम आदमी प्रभावित हुआ है। जीएसटी से छोटे-छोटे व्यापारियों का नुकसान हुआ है। 

मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता को दिया धोखा
कहा कि देश में मात्र 31 प्रतिशत लोगों के वोट लेकर नरेंद्र मोदी 2014 में सरकार बना लिया। वे बचे हुए 69 प्रतिशत वोटरों को गोलबंद करने के लिए अभियान चला रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वोट लेकर सरकार बनाने के बाद 11 करोड़ लोगों को धोखा देने का काम किया है। 

एक दर्जन जदयू नेताओं ने थामा शरद का हाथ
मुजफ्फरपुर में रविवार को शरद की उपस्थिति में जदयू नेता गजनफर हुसैन के नेतृत्व में एक दर्जन लोगों ने लोकतांत्रिक जनता दल की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पूर्व सांसद अर्जुन राय, पूर्व सांसद अली अनवर, लोकतांत्रिक जनता दल के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एमएलसी कपिल पाटिल, राष्ट्रीय महासचिव सुशीला मोराले और प्रदेश महासचिव उपेन्द्र विद्रोही, युवा प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा, सफदर हुसैन, गरीबनाथ राय, निरंजन राय, अभिमन्य़ु कुशवाहा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button