FIFA वर्ल्ड कप: क्रिस्टियानो रोनाल्डो की हैट-ट्रिक, पुर्तगाल ने स्पेन को 3-3 से बराबरी पर रोका

सोची : आखिरी मिनटों में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के शानदार गोल और इस फीफा विश्व कप की पहली हैट-ट्रिक की मदद से पुर्तगाल ने ग्रुप-बी के सबसे चर्चित मुकाबले में स्पेन को 3-3 से बराबरी पर रोक दिया। स्पेन की टीम 88वें मिनट तक 3-2 से आगे थी, लेकिन पीके की गलती से पुर्तगाल को फ्री-किक मिली, जिसे रोनाल्डो ने गोल में बदलकर यह अहम मुकाबला ड्रॉ कराया। उन्होंने मैच में चौथे, 44वें और 88वें मिनट में अपनी टीम के लिए गोल लगाए, जबकि स्पेन के लिए डिएगो कोस्टा ने 24वें और 55वें मिनट में दो गोल लगाए। स्पेन के लिए तीसरा गोल नाचो के खाते में गया। FIFA वर्ल्ड कप: क्रिस्टियानो रोनाल्डो की हैट-ट्रिक, पुर्तगाल ने स्पेन को 3-3 से बराबरी पर रोका

इस मुकाबले की शुरुआत जोरदार रही। पुर्तगाल के लिए पहला गोल कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किया। उन्होंने पहले हाफ के सिर्फ चौथे मिनट में मिली पेनल्टी को गोल में बदल दिया। पुर्तगाल को पेनल्टी एरिया में स्पेन के फाउल के कारण पेनल्टी मिली थी। रोनाल्डो की किक को स्पेनिश गोलकीपर डेविड डी गी रोकने में असफल रहे। इसके साथ ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो चौथे विश्व कप में गोल करने के मामले में उवे सीलर, पेले और मिरोस्लाव क्लोस के बाद चौथे खिलाड़ी हो गए हैं। 

स्पेन की ओर से जवाबी कार्रवाई करते हुए डिएगो कोस्टा ने 24वें मिनट में गोल दागा। कोस्टा का यह दर्शनीय गोल देखने लायक था। लंबी दूरी से लगाया गया उनका शॉट 3 डिफेंडरों और गोलकीपर को छकाते हुए बाएं छोर से गोल पोस्ट में जा समाया। इसके साथ ही स्पेन 1-1 की बराबर पर पहुंच गया। 

स्पेनिश डिफेंडरों ने रोनाल्डो को बांधने की लाख कोशिशें की, लेकिन पहले हाफ के खत्म होने से ठीक पहले ही रियल मैड्रिड स्टार रोनाल्डो ने एक और गोल दागकर पुर्तगाल को 2-1 की बढ़त दिला दी। स्टार स्ट्राइकर रोनाल्डो ने यह गोल मुकाबले के 44वें मिनट में गोंजालो गुएडेस से मिले पास पर लगाया था। यह गोल पुर्तगाल के लिए इसलिए भी जरूरी था, क्योंकि स्टार खिलाड़ियों से भरी स्पेनिश टीम पुर्तगाल पर दबाव बनाते दिख रही थी। 

स्पेन ने दागे 3 मिनट में दो गोल 
दूसरे हाफ के शुरुआत में ही स्पेनिश टीम ने एक के बाद एक दो गोल दागकर पुर्तगाल को दबाव में ला दिया। 55वें मिनट में डिएगो कोस्टा ने गोल लगाया, जबकि इसके 3 मिनट बाद ही नाचो ने जबदस्त किक लगाकर गेंद जाल में उलझा दी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच गोल लगाने के लिए जोरदार संघर्ष देखने को मिला। 

रोनाल्डो का जादू 
स्पेनिश टीम मुकाबल में जीत दर्ज करती दिख रही थी, तभी दूसरे हाफ के अंतिम समय (88वें मिनट) में पुर्तगाल को फ्री किक मिल गई। कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने मौके को जाने नहीं दिया। उन्होंने शानदार किक लगाकर खिलाड़ियों के सिर के ऊपर से गेंद जाल में उलझा दी। रोनाल्डो का यह मुकाबले में तीसरा गोल रहा। इस तरह मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा। 

स्पेन और पुर्तगाल के बीच विश्व कप में इससे पहले 2010 में अंतिम-16 में हुआ था जब 63वें मिनट में डेविड विला के गोल की मदद से स्पेन ने जीत दर्ज की थी और आखिर में खिताब भी स्पेन के ही नाम रहा। 

Back to top button