एक माह से गायब डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया आईं नजर

अमेरिका में लोगों की नजरों से 25 दिन तक दूर रहने के बाद देश की पहली महिला और राष्ट्रपति की पत्नी मेलानिया ट्रंप अब जाकर सार्वजनिक रूप से देखी गई हैं। वह पिछले करीब एक माह तक गायब रहने के बाद अपने पति डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्हाइट हाउस के एक आधिकारिक कार्यक्रम में नजर आईं। एक माह से गायब डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया आईं नजर

इस बीच यह कयास लगाए जाने लगे थे कि मेलानिया अपने पति डोनाल्ड ट्रंप को छोड़कर चली गई हैं। मेलानिया को व्हाइट हाउस में 40 से ज्यादा गोल्ड स्टार सैन्य परिवारों के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में देखा गया। मेलानिया ने एक बयान में कहा कि व्हाइट हाउस में सैन्य परिवारों का स्वागत करना गर्व की बात है और वह देश की सेवा के लिए सैन्य सदस्यों की आभारी हैं। 

हालांकि इस कार्यक्रम में पत्रकारों को प्रवेश नहीं मिला लेकिन ट्विटर पर पोस्ट एक वीडियो में अमेरिका की फर्स्ट लेडी को काले रंग के स्लीवलेस कपड़ों और अपनी पसंदीदा ऊंची एड़ी की सैंडल पहने दिखाया गया है। बाद में मेलानिया ने इस कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें भी ट्वीट कीं जिनमें से एक में वह राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बैठी हैं।

इससे पहले मेलानिया ट्रंप 10 मई को सार्वजनिक रूप से दिखाई दी थीं जब ट्रंप के साथ मिलकर उन्होंने उत्तर कोरिया से रिहा किए गए तीन अमेरिकियों का स्वागत किया था। इसके चार दिन बाद व्हाइट हाउस ने घोषणा की थी कि किडनी के इलाज के लिए मेलानिया को अस्पताल में भर्ती किया गया है। 

Back to top button