हर दिन करते हैं कसरत तो हो जाएं सावधान, शरीर में इन बदलावों को ना करें नजरअंदाज

तंदरुस्त शरीर और आकर्षक व्यक्तित्व के लिए व्यायाम करना अच्छी बात है, लेकिन जरूरत से ज्यादा व्यायाम करना, आपको स्वस्थ बनाने की बजाय बीमार कर सकता है। जरूरत से ज्यादा व्यायाम करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है और हड्डियों को भी नुकसान पहुंचता है। देखा जाता है कि युवा खुद को फिट रखने और दूसरों से अलग दिखाने के लिए जिम में घंटों पसीना बहाते हैं। इससे शरीर में ऐसे लक्षण उभरने लगते हैं, जो बताते हैं कि हम जरूरत से ज्यादा व्यायाम कर रहे हैं।हर दिन करते हैं कसरत तो हो जाएं सावधान, शरीर में इन बदलावों को ना करें नजरअंदाज

 सुबह-सवेरे उठकर व्यायाम करने से मूड तो फ्रेश होता ही है, शरीर भी स्वस्थ रहता है। लेकिन, अगर आप जरूरत से ज्यादा व्यायाम कर रहे हैं, तो इससे पूरा दिन थकान हावी रहेगी और आप काम पर ध्यान नहीं दे पाएंगे। आपका मन आराम करने का करेगा और मूड चिड़चिड़ा बना रहेगा। व्यायाम करने से हमारे शरीर की कोशिकाओं को भरपूर ऑक्सीजन मिलती है आैर शरीर में ताजगी आती है, लेकिन तय मानक से ज्यादा व्यायाम करने से शरीर में चुस्ती-फुर्ती नहीं, आलस हावी रहता है। थकान रहती है और रात में नींद भी नहीं आती है। देर तक या भारी व्यायाम करने से हमारी मांसपेशियां मजबूत नहीं, कमजोर होती हैं। इससे हड्डियों पर भी बुरा असर पड़ता है। अधिक व्यायाम से जोड़ों में दर्द, कमर दर्द जैसी समस्या हो सकती है। एक अध्ययन के मुताबिक, ज्यादा व्यायाम करने से रक्तचाप के स्तर में बढ़ोतरी होती है, जिससे हृदयाघात का खतरा बढ़  जाता है।

हार्मोनल असंतुलन 
शरीर की क्षमता से ज्यादा व्यायाम, शरीर के ज्वाइंट और साफ्ट टिश्यू पर गंभीर असर डालता है। ज्यादा व्यायाम करने से शरीर में हार्मोनल असंतुलन हो जाता है। हार्मोनल असंतुलन होने से शरीर हमेशा थका हुआ आैर बीमार महसूस होता है। ज्यादा व्यायाम से सिर में दर्द, चक्कर आना, भूख न लगना जैसी समस्या हो जाती हैं। ज्यादा व्यायाम करने से महिलाओं में मासिक धर्म का समय पर न आना, जैसी परेशानी भी सामने आती है। व्यायाम करना शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक होता है, लेकिन ज्यादा व्यायाम करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो सकती है। बॉडी बनाने के लिए ज्यादा देर तक किया गया व्यायाम आपके मानसिक स्वास्थ को बिगाड़ सकता है।

उदासी हावी होना
सुबह-शाम की जाने वाली एक्सरसाइज हमारे मूड को तो फ्रेश करती ही है, हमें दिनभर ताजगी का एहसास भी होता है। लेकिन अगर आप जरूरत से ज्यादा व्यायाम कर रहे हैं, तो आपका मूड खराब रह सकता है, पूरा दिन उदासी का भाव बना रह सकता है। ज्यादा व्यायाम करने से कमजोरी महसूस होती है। 

शरीर होता है कमजोर
देखा जाता है कि हम व्यायाम करने के दौरान शरीर को आराम नहीं देते और घंटो व्यायाम करते रहते हैं। भारी व्यायाम करने से शरीर को होने वाली हानि बहुत धीमी गति से पूरी होती है। शरीर में अगर कोई चोट लग जाए, तो वह भी जल्दी सही नहीं होती। ज्यादा व्यायाम करने से शरीर का इम्यून सिस्टम भी कमजोर हो जाता है। अगर आप लगातार भारी व्यायाम करते हैं और शरीर को आराम का मौका नहीं देते, तो शरीर मजबूत होने के बजाय कमजोर हो सकता है। 

इसलिए जरूरी है कि व्यायाम करने के साथ-साथ शरीर को आराम भी दें। अगर आपको रोजाना के व्यायाम के साथ कुछ ऐसे लक्षण नजर आते हैं, तो इस पर गंभीरता से गौर करें। ज्यादा व्यायाम करने से आपके घुटनों को भी नुकसान हो सकता है। 

Back to top button