Corona Update : 10 लाख से अधिक कोरोना सैंपलों की हुई जांच

देश में 29 लाख 75 हजार से अधिक लोग कोरोना संक्रमित
55 हजार 794 मरीजों की हुई मौत
जुबिली न्यूज़ डेस्क
देश में कोरोना की रफ़्तार तेजी से बढ़ रही है। यहां रोजाना मरीजों की संख्या 70 हजार के करीब पहुंचने लगी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किये गये ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में देश में 69 हजार 878 नए मामलें सामने आये हैं जबकि 945 लोगों की मौत भी हुई है। इसके बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 29 लाख 75 हजार 701 पहुंच गई है।
जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी कोरोना के 6 लाख 97 हजार 330 एक्टिव केस हैं। अब तक कोरोना से 55 हजार 794 मरीजों की जान जा चुकी है। वहीं, खास बात ये है कि अब तक 22 लाख 22 हजार 577 लोग स्वास्थ्य हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 63 हजार 631 लोग स्वस्थ हुए हैं।
10 लाख से अधिक सैंपलों की हुई जांच
आईसीएमआर के अनुसार देश में अब तक 3 करोड़, 44 लाख, 91 हजार, 073 कोरोना सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इसमें पिछले 24 घंटे में पहली बार 10 लाख 23 हजार 836 से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच की गई है। कोरोना से सबसे ज्यादा महाराष्ट्र प्रभावित दिख रहा है। यहां पर हर दिन कोरोना के रिकॉर्ड मामलें सामने आ रहे हैं।

महाराष्ट्र में 14 हजार से अधिक मामलें 
महाराष्ट्र में बीते दिन 14,161 नए मामले सामने आए। जबकि 339 लोगों की मौत हुई है। इससे यहां संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6लाख, 57हजार, 450 हो गई है। और अब तक 21 हजार, 698 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
ये भी पढ़े : बाढ़ : इन चार राज्यों के लिए अगले 24 घंटे भारी
ये भी पढ़े : दिल्ली में पकड़ा गया ISIS आतंकी
इस बीच 11,749 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। इसके साथ ही स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 4,70,873 हो गई है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर 71.62 है जबकि मृत्यु दर 3.30 प्रतिशत है।
राजधानी में 1250 नए मामलें
वहीं दिल्ली में बीते दिन 1,250 नए मामले सामने आये इसके बाद यहां संख्या बढ़कर 1,58,604 हो गई है।  जबकि 13 मरीजों की मौत भी हुई है। इससे ये आंकड़ा बढ़कर 4,270 पर पहुंच गया है। दिल्ली में 23 जून को एक ही दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 3,947 मामले सामने आए थे।
झारखंड के पूर्व सीएम और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन और उनकी पत्नी रूपी सोरेन कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों को आइसोलेट किया गया है। इसके साथ ही शिबू सोरेने के बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सोमवार यानी 24 अगस्त को एक बार फिर कोरोना टेस्ट किया जाएगा।

Back to top button