कांग्रेस कमेटी ने किया कोविड समिति का गठन, अध्यक्ष खुद भी क्वारन्टीन

 शहर कांग्रेस कमेटी ने कोविड समिति का गठन किया है। हालांकि शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल खुद कोरोना पॉजिटिव होने के बाद से क्वारन्टीन हैं। शहर कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया के अनुसार बीती दो लहरों में शहर में ऑक्सीजन, जरूरी दवाओं का अभाव अस्पतालों में बेड उपलब्ध नहीं हो पाना, वहीं निजी अस्पतालों की खुली लूट के चलते शहर की जनता ने अपने प्रियजनों को खोया। वहीं सरकारी तंत्र दूसरी लहर से निपटने में पूरी तरह नाकाम रहा था। आम जनता को कहीं कोई सहायता उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। उस दौर में कांग्रेस पार्टी के विधायकगण एवं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाला था।

उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के दौरान स्वजन जहां स्वास्थ्य सेवाओं के नहीं मिलने से परेशान थे, वहीं इलाज में होने वाले खर्च की व्यवस्था करना भी उनके लिए बड़ी चुनौती थी। तब इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा कोविड सहायता समिति का गठन किया था, जिसका उद्देश्य आम जन मानस को संक्रिमतों के उपचार हेतु अस्पतालों में रिक्त बिस्तरों की सही जानकारी उपलब्ध करवाते हुए मदद उपलब्ध करवाना था। अब फिर से कोरोना संक्रमण के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा 56 निजी अस्पतालों को चिन्हित कर आयुष्मान योजना के तहत इलाज करने के लिए अनुबंधित किया गया है।

शहर की जनता कोविड नियमों का पालन कर इस बीमारी को फैलने से रोके इसे लेकर जिला प्रशासन एवं चिकित्सकों द्वारा दिशा निर्देशों दिए हैं। इसे देखते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल द्वारा कांग्रेस की कोविड समिति को पुनः सक्रिय किया गया है और पूर्व में दी गयी जवाबदेही को सुनिश्चित करते हुए फिर से मैदान संभालने का आह्वान किया है। कोविड समिति के सदस्य जिला प्रशासन से तालमेल स्थापित कर शासन द्वारा अनुबंधित अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत संक्रिमतों को बेहतर इलाज मिल सके एवं उनके स्वजनों को आवश्यकता अनरूप सहयोग मिले इसका ध्यान रखेंगे। साथ ही शहर में कोरोना संक्रमण की रोक धाम हेतु कोविड नियमों का पालन हो इसका भी प्रयास करेगी।

कांग्रेस हेल्पिंग हैंड नाम से व्हाट्स एप ग्रुप बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं जिसमें वो अपने क्षेत्र की जनता को जोड़े एवं उसमें उनके क्षेत्रों के अस्पतालों, ऑक्सीजन एवं जरूरी दवाइयों के साथ कोविड समिति द्वारा की जा रही सहायता सम्बंधित जानकारी डाले।

Back to top button