आत्मविश्वास कभी हारने नहीं देता, खुद पर भरोसा करना सिखाएंगी ये बातें

आपने जीवन में ऐसे कई लोगों को देखा होगा, जो हमेशा अपनी तारीफ करते रहते हैं। ऐसे में उन लोगों को देखकर लगता है कि यह लोग आत्मविश्वास से भरे हुए हैं,

आपने जीवन में ऐसे कई लोगों को देखा होगा, जो हमेशा अपनी तारीफ करते रहते हैं। ऐसे में उन लोगों को देखकर लगता है कि यह लोग आत्मविश्वास से भरे हुए हैं,  जबकि हकीकत बिल्कुल इससे उलट होती है।  असल में उन लोगों का आत्मविश्वास डगमगाया हुआ होता है। उन लोगों को हमेशा डर लगा रहता है कि कहीं उनकी कलई न खुल जाए, ऐसे में वो खुद बोलते रहते हैं। अब सवाल यह उठता है कि आखिर आत्मविश्वास है क्या?  इसका जवाब है कि आत्मविश्वास आपके भीतर मौजूद एक ऐसी शक्ति है, जो खुद पर भरोसा रखना सिखाती है।  आपको यह दिखाने की जरुरत नहीं पड़ती कि आप में आत्मविश्वास है  लेकिन कभी-कभी ऐसा होता है कि हम खुद में अपार सम्भावनाएं होने पर भी खुद पर भरोसा नहीं रख पाते। ऐसे में खुद में आत्मविश्वास जगाने के लिए ये बातें ध्यान रखें-

दूसरों के साथ न करें खुद की तुलना-

याद रखें कि एक घर में रहने वाले दो लोगों की जीवन यात्रा एक जैसी नहीं हो सकती। ऐसे में अपने संघर्षों को खुद समझते हुए देखें कि आप समय बीतते हुए कितना आगे बढ़ रहे हैं। तुलना करने पर हमेशा एक का महत्व कम हो जाता है।

अपने शरीर का ध्यान रखें-

एक सेहतमंद शरीर के साथ ही आप कई चुनौतियों का सामना कर सकते हैं। फिट रहने पर आप आत्मविश्वास से भरे हुए होते हैं जबकि कई रोगों से घिरे होने पर आपका ध्यान सिर्फ इन्हीं बातों पर जाता है।  इसलिए अपने शरीर का ध्यान रखें, जिससे कि आपका आत्मविश्वास बढ़ें।


अपनी तारीफ या बुराई को गंभीरता से न लें-

मानव स्वभाव है हमें अपनी तारीफें सुनना पसंद होता है।  लेकिन तारीफों के पीछे छुपे कारणों को समझना बहुत जरूरी है। खुद का मूल्याकंन करें कि आप में क्या प्रतिभा है। किसी की तारीफ या बुराई को मन से लगाकर न रखें।

खुद की गलतियों से सीखें इसे हावी न होने दें-

गलतियां सभी से होती हैं। ऐसे में बहुत जरूरी है कि अपनी गलतियों से सीखें न कि इसे खुद पर हावी होने दें। आप हमेशा अपनी गलतियों के बारे में सोचेंगे, तो आपका आत्मविश्वास डगमगाने लगेगा।

बीते बुरे दिनों को याद करें-

कोई भी बुरे दिन याद नहीं करना चाहता लेकिन जब भी आपका आत्मविश्वास डगमगाने लगे, तो अपने बुरे दिनों को याद करें कि आप कैसे उन दिनों से निकलकर हर दिन बेहतर हुए हैं। इससे आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा।

Back to top button