CMS शिक्षकों का क्लासरूम चलो मार्च एवं विद्या पर्व समारोह आज

केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. सत्यपाल सिंह होंगे मुख्य अतिथि

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 3000 से अधिक शिक्षक एवं कार्यकर्ता भावी पीढ़ी के सर्वांगीण विकास का अलख जगाने हेतु कल दिनाँक 29 जून, शुक्रवार को विशाल ‘क्लासरूम चलो, क्लासरूम चलो मार्च’ निकालेंगे। सी.एम.एस. शिक्षकों का यह विशाल मार्च 29 जून, शुक्रवार को प्रातः 7.00 बजे गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित मकदूमपुर पुलिस चौकी से प्रारम्भ होकर सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम तक जायेगा। इस अवसर पर भारत सरकार के मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. सत्यपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पधार कर सी.एम.एस. शिक्षकों के विशाल मार्च को प्रोत्साहित करेंगे जबकि विधायक पंकज सिंह इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि होंगे। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी एवं डा. ( भारती गाँधी मार्च का नेतृत्व करेंगे। इस अवसर पर सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन, सी.एम.एस. के डायरेक्टर ऑफ स्ट्रेटजी रोशन गाँधी एवं सी.एम.एस. के सभी कैम्पस की प्रधानाचार्याओं के साथ ही शिक्षा, समाज, साहित्य व पत्रकारिता आदि क्षेत्रों की विभिन्न हस्तियाँ सी.एम.एस. शिक्षकों के मार्च में शामिल होकर भावी पीढ़ी के नैतिक व आध्यात्मिक उत्थान का अलख जगायेंगे।

मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. शिक्षकों के विशाल मार्च के उपरान्त सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में ‘विद्या का पर्व’ समारोह मनाया जायेगा। इस अवसर पर गणमान्य अतिथियों के साथ सी.एम.एस. की पूर्व छात्राएं रिचा सिंह चित्रांशी, इण्डिया हेड, गूगल इण्टरनेशनलाईजेशन एवं तान्या चैतन्य, संपादिका, फेमिना, उपस्थित रहेंगी। यह समारोह समस्त जन-मानस में शिक्षा के प्रचार-प्रसार का अलख जगायेगा, साथ ही छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति विश्वास, लगन एवं परिश्रम से आगे बढ़ने को प्रेरित करेगा। समारोह में सी.एम.एस. के कर्तव्यपरायण शिक्षकों को पुरष्कृत कर सम्मानित किया जायेगा, साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित करने वाले विद्यालय के पूर्व व वर्तमान छात्रों एवं उनके माता-पिता को भी सम्मानित किया जायेगा।

Back to top button