बिहार में गरजे CM योगी, किया रामचंद्र जी का बखान…

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने बिहार के कैमूर जिले में चुनावी सभा को संबोधित किया। कैमूर जिले के रामगढ़ सीट से आज योगी ने अपने प्रचार का आगाज किया। 

रैली की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम और सीता से की। उन्होंने कहा, मैं भगवान राम की जन्मभूमि से आया हूं। बिहार और यूपी का संबंध चोली दामन का है। त्रेता युग में रामगढ़ को महर्षि विश्वामित्र ने अपनी तपस्थली के लिए चुना था। 
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ सोने पर सुहागा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में कोरोना से देश को बचाया गया। कोरोना काल में सही वक्त पर सही फैसले लिए गए। 

उन्होंने कहा, बिहार लगातार विकास की तरफ बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में कई योजनाएं चलाई गई हैं, जिसका फायदा राज्य की जनता को मिल रहा है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही है। गरीबों के लिए हर योजना की शुरुआत बिहार से हुई है। 

यूपी के मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, हम लोग विकास की बात करते हैं, लेकिन वो लोग जाति की बात करते हैं। हम देश की बात करते हैं, वो परिवार की बात करते हैं। उन्होंने कहा, हम लोग सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं, तो वो लोग देश के संसाधनों पर एक विशेष समुदाय के अधिकार की बात करते हैं। 

सीएम योगी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों को मकान दिए। इस दौरान उन्होंने किसी का धर्म या जाति नहीं देखी। लोगों को बिजली कनेक्शन दिए गए। आयुष्मान योजना का लाभ हर भारतीय को मिल रहा है। रसोई गैस के फ्री कनेक्शन दिए गए हैं। 

उन्होंने कहा, बिहार के सामने एक तरफ विकास का गठबंधन है, दूसरी तरफ भेदभाव वाला गठबंधन है। अब उसे सही गठबंधन का साथ चुनना है। कांग्रेस के एजेंडे में विकास कभी नहीं रहा है। हम विकास की बात करते हैं। 

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, राजद की सरकार में गरीबों के राशन को लूटा गया। साथ ही गाय और भैंस का चारा भी खाया गया। उन्होंने कहा, हमारी सरकार ने पाकिस्तान को घर में घुसकर मारा और भगवान राम का मंदिर भी बनवा दिया। 

सीएम योगी ने कहा, बिहार की स्थिति पहले ऐसे हो गई थी कि यहां का युवा बाहर जाकर अपनी पहचान छिपाने पर मजबूर था, लेकिन नीतीश जी के नेतृत्व में स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा, विकास से बाधित जनता को अपराध और आतंकवाद की तरफ धकेलने वाली सरकार नहीं चाहिए।  

Back to top button