सीएम योगी ने दिए निर्देश, कहा- कांवड़ यात्रा में असामाजिक तत्वों पर रखी जाए कड़ी नजर

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रियों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में यात्रा निकालने के लिए प्रेरित किया जाए और छद्म वेश में आने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने बुधवार शाम कांवड़ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक में कहा कि श्रावण माह में शिवभक्त कांवड यात्रा निकालते हैं। अतः जनभावनाओं का सम्मान करते हुए कांवड़ यात्रियों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में यात्रा निकालने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड यात्रा का सफल संचालन आवश्यक है। योगी ने समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव गृह एवं पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा वाले क्षेत्रों के थानाध्यक्षों को कांवड़ समितियों से बैठक कर उन्हें ‘क्या करें एवं क्या न करें’ के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दें।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को प्रतिबंधित वस्तुएं, हथियार इत्यादि साथ में न लाने के निर्देश थानाध्यक्ष कांवड़ समितियों की बैठक के दौरान अवश्य दें। उन्हें सौहार्दपूर्ण वातावरण में कांवड़ यात्रा निकालने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कांवड़ यात्री के छद्म वेश में आने वाले असामाजिक तत्वों पर दृष्टि रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को अपने साथ अपना पहचान पत्र रखने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि किसी संकट की दशा में उनकी पहचान की जा सके।

उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्गों के मुख्य स्थलों पर सीसीटीवी कैमराें से निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने लम्बे कांवड़ यात्रा मार्गों की निगरानी ड्रोन कैमरों तथा हेलीकाॅप्टर से भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे यात्रा मार्ग तथा मंदिरों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों की बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। 

Back to top button