CM योगी ने नौ कन्याओं के पांव पखारने के बाद अपने हाथों से कराया भोजन

नवरात्र की नवमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर साल की भांति इस साल भी गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नौ कन्याओं को खुद अपने हाथ से खाना खिलाया। करीब एक घंटे तक चली इस पूजा प्रक्रिया में योगी आदित्यनाथ ने सभी कन्याओं को टीका लगाया।CM योगी ने नौ कन्याओं के पांव पखारने के बाद अपने हाथों से कराया भोजन

सबसे पहले उन्होंने निर्धारित समयानुसार दोपहर 12 बजे कन्याओं के पांव पखारने का काम किया। सभी को टीका लगाकर चुनरी ओढ़ाई। साथ ही आरती भी की।

इस दौरान बच्चियां भी काफी खुश दिखाई दीं। सभी कन्याओं ने भी विधि-विधान से पूजा कराई। पूजन के बाद कन्याओं को भोजन खिलाने का कार्यक्रम शुरू हुआ। योगी आदित्यनाथ ने खुद कन्याओं के पास जाकर खाना परोसा।

इसके बाद सीएम आदित्यनाथ ने सभी कन्याओं को दक्षिणा दी। कन्याओं की सम्मानजनक विदाई करने के बाद नवमी की पारंपरिक कन्या पूजन प्रक्रिया सम्पन्न हुई।

पूजा प्रक्रिया के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन हिंदू धर्म में कुंवारी कन्याओं का पूजन मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का पूजन है।
उन्होंने कहा कि कन्या पूजन अध्यात्मिक शक्ति के साथ-साथ सामाजिक एकता से राष्ट्र को मजबूत करने का अवसर है। इसे सभी को समझना होगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों का समाज में महत्वपूर्ण स्थान है। उनके साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। जिस समाज में बेटियों का सम्मान होगा वह समाज ही आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही हैं। इन योजनाओं का मकसद महिलाओं के प्रति भेदभाव और असुरक्षा के माहौल को खत्म करना है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर सभी परिवार महिला सुरक्षा के लिए संकल्पित हो जाएं तो महिला अपराध की घटनाएं अपने आप ही खत्म हो जाएंगी।

Back to top button