राहुल के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर CM रमन सिंह ने कहा कुछ ऐसा…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह का कहना है कि उन्हें यहां जरूर आना चाहिए। इससे उन्हें यहां के वास्तविक माहौल और विकास की रफ्तार को समझने में मदद मिलेगी।

साथ ही वह यह भी समझ पाएंगे कि एक नवोदित राज्य किस तरह से विकास की सही रफ्तार को हासिल कर पाता है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं, कांग्रेस के सभी बड़े नेता यहां आएं और छत्तीसगढ़ को समझें। दिल्ली से अपने तीन दिवसीय दौर से लौटने के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह यहां पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।

विकास यात्रा में पीएम मोदी के साथ शामिल होंगे कई केंद्रीय मंत्री

इस दौरान उन्होंने बताया कि राज्य में विकास यात्रा के दूसरे चरण के तहत होने वाले कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने को लेकर सहमति मिली है। इनमें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय रेल मंत्री पियूष गोयल, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र तोमर सहित कई नाम शामिल हैं।

विकास को सही रफ्तार देने के लिए सांसदों के साथ चर्चा

डॉ रमन ने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ से भाजपा के सभी राज्यसभा और लोकसभा सांसदों के साथ राज्य के विकास को लेकर चर्चा की। अलग-अलग संसदीय क्षेत्रों में विकास को लेकर आने वाले समय में सही रणनीति बनाने में यह चर्चा सार्थक साबित होगी।

Back to top button