JDU के सम्‍मेलन में सीएम नीतीश ने कहा- हम काम के बल पर जीतते हैं चुनाव

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि हम अपने काम के बल पर 2010 और 2015 का चुनाव जीते हैं, आगे भी ऐसा ही होगा। किसी को गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए। किसी राज्य का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि हम अपने कार्यों का प्रचार नहीं करते। बाकी राज्य तो अपने एक-एक कार्य को छपवाते हैं, प्रचारित करते हैं। हम महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलते हुए शासक नहीं बल्कि एक कस्टोडियन की तरह काम करते हैं।

विकास की निगरानी को आगे आएं महिलाएं

जदयू की समाज सुधार वाहिनी द्वारा बापू सभागार में आयोजित सामाजिक चेतना महासम्मेलन में उन्होंने आह्वान किया कि महिलाएं आगे आएं और विकास कार्यों की निगरानी करें। कहीं कोई गलत काम होते देखें तो सब मिलकर उसका विरोध करें। मुख्यमंत्री ने उन्हें दहेज वाली शादी में भाग नहीं लेने का संकल्प भी दिलाया। कहा कि आपके ऐसी शादियों में भाग नहीं लेने से यह बात उजागर हो जाएगी कि दहेज लिया गया है, और फिर कानून अपना काम करेगा। 

सामाजिक कुरीतियों को दूर करना जरूरी

नीतीश कुमार ने कहा कि विकास का सही लाभ तबतक हमें नहीं मिल सकता, जबतक की समाज से कुरीतियां दूर नहीं हो जाएं। जदयू की समाज सुधार वाहिनी इसी लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने नारी सशक्तीकरण की चर्चा के क्रम में कहा कि महिलाओं के करीब 8 लाख समूह राज्य में सक्रिय हैं। हाल के दिनों में विदेश भागे कई डिफाल्टरों का संदर्भ लेते हुए कहा कि बड़े लोग तो कर्ज लेकर विदेश भाग जाते हैं, मगर जीविका से जुड़ी गरीब महिलाएं यहां समय पर बैंकों को अपने कर्ज चुका रहीं हैं।

बिहार ने देश को दिखाया रास्‍ता

समाज सुधार वाहिनी की अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रंजू गीता की अध्यक्षता में हुए इस महासम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने नारी सशक्तीकरण और शराबबंदी की बात कही थी। डॉ. लोहिया ने समता पर जोर दिया था। नीतीश कुमार के नेतृत्व में यह सभी काम बिहार में हुआ है। बिहार ने तो राष्ट्र को रास्ता दिखा है।

24-26 तक हर जिले में महिला समागम

महासम्मेलन को संबोधित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह ने घोषणा की कि 24, 25 एवं 26 नवंबर को प्रदेश के हर जिले में महिला समागम आयोजित होगा, जिसमें पार्टी के हर विंग से जुड़ी महिलाएं भाग लेंगी। इसके सफल आयोजन के लिए 12 टीमें गठित की गई हैं और प्रत्येक टीम में 9-10 महिलाएं शामिल रहेंगी। ये समागम में विभिन्न विषयों पर प्रकाश डालेंगी। समागम से पहले इन्हें एक दिन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

राजनीतिक गंदगी की सफाई भी जरूरी

जदयू के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि समाज की कुरीतियों को दूर करने के साथ-साथ राजनीति में व्याप्त गंदगी को भी दूर करना होगा, तभी हम पूरी तरह सफल होंगे। महासम्मेलन को सांसद कहकशां परवीन, लेसी सिंह, अंजुम आरा, कल्याणी सिंह सहित करीब 35 महिला नेत्रियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम में मंत्री संतोष निराला, पार्टी के प्रदेश महासचिव डा. नवीन आर्या, अनिल कुमार, संजय कुमार सिंह जैसे वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। 

Back to top button