केरल बाढ़ राहत के लिए CM नीतीश ने की 10 करोड़ की मदद

पटना। केरल में बाढ़ ने बड़ी तबाही मचाई है। इस बाढ़ में अबतक तीन सौ से भी ज्यादा लोगों की मौत की सूचना है। इस प्राकृतिक आपदा पर अपनी गहरी संवेदना जताते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से केरल के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए दस करोड़ की सहायता राशि केरल सरकार को दी है। 

मुख्यमंत्री ने इस प्राकृतिक विपदा पर दुख जताते हुए केरल के मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में कहा है कि लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से राज्य में काफी आर्थिक और जान-माल की क्षति हुई है। मैं समस्त बिहारवासियों की तरफ से इस विपदा में जान गंवा चुके लोगों को श्रद्धांजलि देता हूं।

उन्होंने लिखा है कि बिहार के लोगों से ज्यादा कोई नहीं जान सकता कि बाढ़ की विभीषिका क्या होती है? मैं इस विपदा की घड़ी में केरलवासियों के साथ हूं और अपनी ओर से छोटी-सी सहायता के तौर पर मुख्यमंत्री राहत कोष से दस करोड़ रुपये भेज रहा हूं। उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री को लिखा कि मैं आशा करता हूं कि आपके नेतृत्व में केरल के लोगों की जल्द ही इस विभीषिका से हुई क्षति की पूर्ति की जाएगी। साथ ही मैं भरोसा करता हूं कि केरलवासी जल्द ही इस प्राकृतिक आपदा से उबर जाएंगे। 

Back to top button