सीटों के ‘सम्मानजनक’ बंटवारे को लेकर CM नीतीश ने अमित शाह से की मुलाकात

नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बुधवार को यहां भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की और समझा जाता है कि दोनों नेताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में गठबंधन सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे के समझौते पर चर्चा की। 

कुमार ने हाल ही में कहा था कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ सम्मानजनक समझौते पर पहुंच गई है लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया था कि राज्य की कुल 40 सीटों में से उनकी पार्टी कितनी सीटों पर किस्मत आजमाएगी। राजनीतिक सूत्रों ने कहा कि यह भी फैसला होना है कि जदयू कौन सी सीटों पर चुनाव लड़ेगी क्योंकि 2014 में नीतीश कुमार की पार्टी भाजपा नीत राजग का हिस्सा नहीं थी। 

भाजपा ने तब 30 सीटों पर चुनाव लड़ा था। राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी को सात सीटें लडऩे के लिए मिली थीं और उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा तीन सीटों पर चुनाव लड़ी थी।  2013 में राजग का साथ छोडऩे से पहले जदयू ने गठबंधन में रहते हुए भाजपा से अधिक सीटों पर किस्मत आजमाई थी।      

Back to top button