CM कैप्‍टन अमरिंदर सिंह खोलेंगे पंजाब के काले दौर के अनजाने और बड़े राज..

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह राज्‍य के काले दौर के बड़े और अब तक अनजाने रहे राज खाेलेंगे। वह इस दौरान हुई घटनाओं पर किताब लिखेंगे। इसमें जरनैल सिंह भिंडरावाला के समय से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या तक की घटनाओं का जिक्र होगा। किताब में शामिल करने वाली सामग्री और घटनाक्रम का पूरा खाका तैयार कर लिया है। कैप्टन ने अपनी नई पुस्तक के बारे में मीडिया से जानकारी भी साझा की। इस किताब के सामने आने से पंजाब की राजनीति में भूचाल आ सकता है।

भिंडरावाला से लेकर बेअंत सिंह की हत्या तक का होगा जिक्र, पंजाब की राजनीति में भूचाल ला सकती है किताब

मुख्यमंत्री का मानना है कि इस काले दौर के बारे में पंजाब के लोगों खासकर नई पीढ़ी को जरूर पता लगना चाहिए। कुछ ऐसे तथ्य और सच्चाई है, जिनके बारे में अभी तक लोगों को नहीं पता। इस समय के दौरान श्री दरबार साहिब पर हमला, बेकसूर लोगों, विभिन्न सियासी पार्टियों के बड़े नेताओं से लेकर प्रशासनिक व पुलिस अफसरों की हत्याएं हथियारबंद नौजवानों  ने की थीं।

कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के अनुसार, पुलिस पर आज भी मानवीय अधिकारों की अवहेलना कर झूठे पुलिस मुकाबलों में नौजवानों के कत्ल के आरोप लगते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस काले दौर ने पंजाब की आर्थिकता पर बड़ी चोट मारी है। पंजाब कर्ज के बोझ में दबा है। पंजाब के आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक नुकसान के लिए कौन जिम्मेवार है?

मुख्यमंत्री अपनी नई किताब में कौन सी महत्वपूर्ण घटनाएं दर्ज करते हैं, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा, लेकिन एक बात साफ है कि उस समय के दौरान कई राजनीतिक नेताओं के किरदार व असली चेहरों से पर्दा जरूर उठ सकता है। कैप्टन की यह किताब पंजाब की राजनीति में भूचाल ला सकती है।

बता दें कि कैप्टन इससे पहले पांच पुस्तकें लिख चुके हैं। बकौल कैप्टन, मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी व्यस्तता बढ़ गई है, लेकिन जल्द ही वह किताब लिखनी शुरू कर देंगे। पहले यह किताब अंग्रेजी में आएगी, उसके बाद इसका पंजाबी में अनुवाद होगा।

Back to top button